बद्रीनाथ | उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बद्रीनाथ धाम पहुँचे, जहाँ उन्होंने भारतीय सेना एवं जिला प्रशासन चमोली की ओर से ऑपरेशन सद्भावना के अंतर्गत आयोजित दो दिवसीय देवभूमि सांस्कृतिक महोत्सव-2026 में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री के हेलीपैड पहुँचने पर जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर सेरेमोनियल ड्रेस में सजे पुलिस जवानों ने सलामी देकर मुख्यमंत्री का अभिवादन किया । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बद्रीनाथ धाम में भगवान बदरी विशाल के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर समस्त प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की । इसके पश्चात उन्होंने बामणी गांव स्थित माँ नंदा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की तथा मातृशक्ति के साथ चाचणी नृत्य में भी सम्मिलित हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बद्रीनाथ कथा महोत्सव में भी प्रतिभाग किया । टूरिस्ट अराइवल प्लाजा, बदरीनाथ में आयोजित यह महोत्सव केंद्र सरकार के ‘वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम’ के अंतर्गत हमारी विरासत, हमारा भविष्य’ थीम पर आधारित है। इसका उद्देश्य देश के प्रथम गाँव माणा को सीमांत पर्यटन, सांस्कृतिक गौरव और सामुदायिक विकास के जीवंत केंद्र के रूप में स्थापित करने के साथ ही देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं, स्थानीय उत्पादों और सीमांत जीवन की पहचान को देश-दुनिया तक पहुँचाना है ।
महोत्सव में महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों, कारीगरों, किसानों एवं युवा उद्यमियों द्वारा स्थानीय उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं। भारतीय सेना की विशेष प्रदर्शनी भी आयोजन का प्रमुख आकर्षण रही, जिसमें विभिन्न छोटे-बड़े हथियारों एवं आधुनिक सैन्य उपकरणों को प्रदर्शित किया गया। विद्यार्थियों और युवाओं ने सेना के उपकरणों, सीमावर्ती क्षेत्रों में सैनिकों के जीवन, आपदा राहत एवं जनसेवा कार्यों तथा राष्ट्र निर्माण में सेना की भूमिका से जुड़ी जानकारी प्राप्त की | सेना द्वारा सीमाओं की सुरक्षा में निभाई जा रही भूमिका और ऑपरेशन सद्भावना के अंतर्गत किए गए सामाजिक विकास कार्यों को भी प्रदर्शित किया गया । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महोत्सव में प्रतिभाग करते हुए भारतीय सेना एवं स्थानीय प्रशासन के संयुक्त प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य माणा को सीमांत पर्यटन, सांस्कृतिक गौरव और सामुदायिक विकास के एक सशक्त केंद्र के रूप में स्थापित करना है। महोत्सव सीमांत क्षेत्रों के सा मजिक एवं आर्थिक विकास, स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और पर्यटन के माध्यम से रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल है । इस दौरान लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता, लेफ्टिनेंट जनरल डी जी मिश्रा, गजपाल बर्थवाल जिलाध्यक्ष भाजपा, ऋषि प्रसाद सती उपाध्यक्ष बीकेटीसी, हरक सिंह नेगी उपाध्यक्ष वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद, गजेंद्र सिंह रावत अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक, अरुण मैठाणी जिला महामंत्री भाजपा, संदीप रावत नगर पालिका अध्यक्ष भाजपा सहित सेना व जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे ।
















Leave a Reply