श्रद्धालुओं की आस्था के सफर में सुरक्षा का भरोसा घांघरिया पहुँचे सीओ कर्णप्रयाग, चौकी से लेकर SDRF की तैयारियों तक परखी व्यवस्थाएं |

चमोली | हेमकुंड साहिब की यात्राआस्था से भरा सफर, लेकिन पहाड़ की कठिन परिस्थितियों के बीच सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी। श्रद्धालुओं की इस आस्था की यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाए रखने के लिए पुलिस एवं SDRF लगातार अपनी तैयारियों को परख रही है । इसी क्रम में प्रचलित हेमकुंड साहिब यात्रा के दृष्टिगत पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा ने चौकी घांघरिया पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चौकी के कार्यालय, बैरक, मैस एवं परिसर का बारीकी से जायजा लिया और वहां की व्यवस्थाओं को परखा । उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से बातचीत कर यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही, ड्यूटी व्यवस्था तथा क्षेत्र में आने वाली संभावित चुनौतियों के बारे में जानकारी ली। पहाड़ में ड्यूटी के दौरान जवानों को स्वयं भी विषम परिस्थितियों में रहकर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी पड़ती है, ऐसे में उनके रहने और दैनिक व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया । इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक ने हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर तैनात SDRF टीम का निरीक्षण किया। किसी भी आपदा अथवा आकस्मिक स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य में इस्तेमाल होने वाले आपदा उपकरणों की उपलब्धता एवं स्थिति की जांच की गई। टीम से उपकरणों के उपयोग और आपात स्थिति में की जाने वाली कार्रवाई के संबंध में भी जानकारी ली गई । हेमकुंड साहिब जैसे ऊंचाई वाले दुर्गम क्षेत्र में मौसम का अचानक बदलना, कठिन पैदल मार्ग और भौगोलिक परिस्थितियां कभी भी चुनौती बन सकती हैं। ऐसे में मौके पर तैनात पुलिस और SDRF के जवानों की तैयारी ही किसी जरूरतमंद श्रद्धालु के लिए समय पर मिलने वाली सबसे बड़ी मदद बन सकती है। इसी उद्देश्य से सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े प्रत्येक पहलू को मौके पर जाकर परखा जा रहा है । इस दौरान चौकी प्रभारी घांघरिया अमनदीप सिंह एवं SDRF के जवान निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *