देहरादून । उत्तराखंड के नवनियुक्त राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने सोमवार को लोक भवन में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। उत्तराखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी ने उन्हें शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण से पूर्व मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने राष्ट्रपति की ओर से जारी नियुक्ति अधिपत्र पढ़कर सुनाया ।
समारोह का शुभारंभ और समापन राष्ट्रगीत वंदे मातरम् व राष्ट्रगान के साथ हुआ। शपथ ग्रहण के बाद राज्यपाल ने पुलिस के सम्मान गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया । डॉ. बिसेन ने कहा कि उत्तराखंड आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत का केंद्र होने के साथ वीरभूमि भी है। यहां की मातृशक्ति, युवा, किसान और मेहनतकश समाज प्रदेश की ताकत हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड के विकास संबंधी विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे । राज्यपाल ने कहा कि संवैधानिक मूल्यों की रक्षा और पद की गरिमा बनाए रखना उनकी प्रमुख प्राथमिकताएं होंगी । इसके साथ ही राज्य सरकार और जनता के सहयोग से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पर्यटन, पर्यावरण, रोजगार तथा जनकल्याण की योजनाओं को गति देने पर जोर रहेगा । उन्होंने देवभूमि की शांति, सुरक्षा और समृद्धि को सर्वोच्च ध्येय बताया । मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के पिपरिया में 14 मई 1952 को जन्मे डॉ. बिसेन चिकित्सक और कृषक हैं । वह चार बार मध्य प्रदेश विधानसभा के सदस्य निर्वाचित हुए और राज्य सरकार में विभिन्न विभागों के कैबिनेट मंत्री रहे। मई 2019 में वह 17वीं लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए थे । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 12 अक्टूबर को उन्हें उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किया था। उन्होंने लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) का स्थान लिया। समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, तीरथ सिंह रावत, विजय बहुगुणा आदि मौजूद रहे |
डॉ. ढाल सिंह बिसेन बने उत्तराखंड के नौवें राज्यपाल |














Leave a Reply