उत्तराखंड | जीआरपी पुलिस परिवार ने सम्मान के साथ दी शुभकामनाएं पुलिस अधीक्षक ने कहा सेवा समाप्त हो सकती है, लेकिन पुलिस परिवार से रिश्ता कभी नहीं | हर पुलिसकर्मी के जीवन में एक ऐसा क्षण आता है, जब वर्षों की वर्दी की जिम्मेदारियों को निभाने के बाद वह नई जीवन-यात्रा की ओर कदम बढ़ाता है। ऐसा ही भावुक अवसर आज जीआरपी पुलिस कार्यालय के सभागार में देखने को मिला, जब कांस्टेबल सोनू कुमार के ऐच्छिक सेवानिवृत्ति पर पूरे जीआरपी पुलिस परिवार ने उन्हें आत्मीयता और सम्मान के साथ विदाई दी । पुलिस अधीक्षक जीआरपी उत्तराखंड अरुणा भारती की उपस्थिति में आयोजित विदाई समारोह में का0 सोनू कुमार को उनके उत्कृष्ट सेवाकाल के लिए प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवं सम्मान स्वरूप उपहार भेंट किए गए। समारोह में मौजूद सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने तालियों की गूंज के बीच उन्हें स्वस्थ, सुखी और सम्मानपूर्ण जीवन की शुभकामनाएं दीं । का0 सोनू कुमार ने वर्ष 2007 में उत्तराखण्ड पुलिस में कांस्टेबल के रूप में अपनी सेवा प्रारम्भ की। अपने 18 वर्ष,09 माह, 15 दिवस के गौरवपूर्ण सेवाकाल के दौरान उन्होंने जनपद टिहरी गढ़वाल, देहरादून एवं जीआरपी में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। शांत स्वभाव, सरल व्यक्तित्व, अनुशासित कार्यशैली एवं जनसेवा के प्रति समर्पण ने उन्हें अपने वरिष्ठ अधिकारियों, सहकर्मियों और अधीनस्थ कर्मचारियों के बीच सदैव सम्मान दिलाया।
अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सेवानिवृत्ति केवल सरकारी सेवा का अंत है, लेकिन पुलिस परिवार से जुड़ाव कभी समाप्त नहीं होता। उन्होंने कहा कि कांस्टेबल सोनू कुमार ने पूरे सेवाकाल में ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उनका अनुभव, व्यवहार और कार्यशैली आने वाली पीढ़ी के पुलिसकर्मियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी उनका मार्गदर्शन पुलिस परिवार को मिलता रहेगा।
अपने विदाई संबोधन में कास्टेबल सोनू कुमार ने कहा कि पुलिस विभाग उनके लिए केवल एक कार्यस्थल नहीं, बल्कि एक परिवार रहा है। उन्होंने अपने पूरे सेवाकाल के दौरान मिले सहयोग, विश्वास और स्नेह के लिए सभी वरिष्ठ अधिकारियों एवं सहकर्मियों का हृदय से आभार व्यक्त किया । उन्होंने विश्वास दिलाया कि सेवानिवृत्ति के बाद भी उनका आत्मीय संबंध पुलिस परिवार से सदैव बना रहेगा । मारोह के दौरान साथियों ने उनके साथ बिताए वर्षों की अनेक यादें साझा कीं। वातावरण भावनाओं, सम्मान और आत्मीयता से भर गया तथा सभी ने उनके उज्ज्वल, स्वस्थ एवं खुशहाल भविष्य की मंगलकामनाएं कीं । इस अवसर पर अनुज,पुलिस उपाधीक्षक रेलवेज उत्तराखंड हरिद्वार सहित जीआरपी के समस्त , शाखा प्रभारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
















Leave a Reply