रुद्रप्रयाग | पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में जनपद में अवैध शराब की तस्करी एवं परिवहन की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में चौकी गौरीकुण्ड पुलिस को चेकिंग के दौरान बड़ी सफलता हाथ लगी है । चौकी गौरीकुण्ड पुलिस द्वारा गौरीकुण्ड बैरियर पर चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान सोनप्रयाग की ओर से आ रहे एक खच्चर संचालक को चेकिंग के लिए रोका गया, जो पुलिस को देखकर सकपकाने लगा। इसी दौरान उसके पीछे से आ रहे दो अन्य घोड़ा संचालक अपने घोड़ों को छोड़कर मौके से फरार हो गए । पुलिस टीम द्वारा तीनों घोड़ों पर लदे सामान की चेकिंग की गई तो उसमें अन्य सामग्री के साथ शराब की बोतलें बरामद हुईं। तीनों खच्चरों से कुल 131 बोतल शराब (11 पेटी) बरामद की गई । बरामद सम्पूर्ण शराब को पुलिस द्वारा जब्त कर लिया गया । मामले में पकड़े गए व्यक्ति के विरुद्ध कोतवाली सोनप्रयाग में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है । शराब के परिवहन में प्रयुक्त घोड़ों के टैग नम्बर के आधार पर अन्य संलिप्त व्यक्तियों की पहचान की जा रही है। साथ ही इन घोड़ों को फाटा स्थित अश्वशाला में भिजवाया गया है ।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण – शेर बहादुर पुत्र दल बहादुर, निवासी ग्राम दाहनगर, पालिक खाडा, वार्ड नम्बर 6, जिला कालीकोट, नेपाल; हाल निवासी सोनप्रयाग पार्किंग ।
















Leave a Reply