मनेरी एवं धरासू पुलिस ने कांवड़ियों को जूस, शीतल पेय एवं फल वितरित कर की मंगलमय यात्रा की कामना ।

उत्तरकाशी | श्रावण मास में पवित्र कांवड़ यात्रा जनपद उत्तरकाशी में पूर्ण आस्था, उत्साह एवं उल्लास के साथ सकुशल संचालित हो रही है । प्रतिदिन हजारों की संख्या में शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेने पधार रहे हैं। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने हेतु पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में उत्तरकाशी पुलिस पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही है । पुलिस के जवान “सुविधा, सुरक्षा एवं सम्मान” की भावना के साथ न केवल यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए हुए हैं, बल्कि यात्रा मार्ग पर शिवभक्तों की हरसंभव सहायता, मार्गदर्शन एवं स्वागत-सत्कार के लिए भी निरंतर तत्पर हैं । पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी जनक सिंह पंवार एवं प्रभारी निरीक्षक मनेरी दीपक नौटियाल के नेतृत्व में कोतवाली मनेरी पुलिस टीम द्वारा पापड़गाड़, भटवाड़ी भू-धंसाव जोन पर यातायात का सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करते हुए कांवड़ यात्रियों को फल-फ्रूट एवं शीतल पेय वितरित कर उनका स्वागत किया गया । वहीं प्रभारी निरीक्षक धरासू मनोज असवाल के नेतृत्व में कोतवाली धरासू पुलिस टीम द्वारा गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित नालूपानी के समीप कांवड़ियों को बुरांश का जूस एवं फल वितरित कर उनका स्वागत एवं सत्कार किया गया तथा सभी श्रद्धालुओं की सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की गई । इस अवसर पर पुलिस द्वारा सभी शिवभक्तों से अपील की गई कि सभी सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें, पुलिस-प्रशासन द्वारा बनाई गई व्यवस्थाओं में सहयोग करें तथा यात्रा के दौरान संयम एवं अनुशासन बनाए रखें, जिससे कांवड़ यात्रा सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं निर्विघ्न रूप से सम्पन्न हो सके |

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *