डीएसपी पद पर चयनित शताक्षी शर्मा का विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने किया सम्मान

ऋषिकेश | ऋषिकेश की होनहार बेटी शताक्षी शर्मा के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पद पर चयनित होने पर ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने उनके आवास पहुंचकर सम्मानित किया तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं । इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने शताक्षी शर्मा को पगड़ी पहनाकर, गुलदस्ता भेंट कर एवं मिष्ठान खिलाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि शताक्षी की यह उपलब्धि केवल उनके परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे ऋषिकेश क्षेत्र के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है । उन्होंने कहा कि आज बेटियां विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रही हैं तथा शताक्षी शर्मा की सफलता नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है । डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने शताक्षी शर्मा के माता-पिता को भी बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत, संस्कार और मार्गदर्शन का ही परिणाम है कि शताक्षी ने यह महत्वपूर्ण मुकाम हासिल किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शताक्षी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करते हुए समाज एवं राष्ट्र की सेवा करेंगी । इस अवसर पर शताक्षी शर्मा के पिता दिनेश कुमार शर्मा, माता श्रीमती लीला देवी शर्मा, बहन कुमारी दिव्यांशी शर्मा, भाई प्रणव, जितेंद्र पाल, कौशल बिजलवान सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *