एसएसपी श्वेता चौबे के आदेश के क्रम में थाना थत्यूड़ द्वारा दूरस्थ ग्राम मराड (जौनपुर) में आयोजित थाना दिवस में जनसमस्याओं का किया गया निस्तारण, ग्रामीणों को किया गया जागरूक |

टिहरी | वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के आदेशानुसार, अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी टिहरी के निकट पर्यवेक्षण में थाना थत्यूड़ पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र से लगभग 28 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम मराड (मोरियाना टोप), जौनपुर में थाना दिवस का आयोजन किया गया । थाना दिवस कार्यक्रम में क्षेत्र के ग्राम प्रधानों, सीएलजी सदस्यों, गणमान्य व्यक्तियों एवं स्थानीय ग्रामीणों द्वारा प्रतिभाग किया गया। कार्यक्रम में लगभग 35 ग्रामीण उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से ग्राम प्रधान रायपाल सिंह अलेल सिंह सुभाष सिंह अब्बल सिंह नेगी एवं देवेन्द्र सिंह आदि सम्मिलित रहे । गोष्ठी के दौरान ग्रामीणों द्वारा विभिन्न जनसमस्याएं पुलिस एवं प्रशासन के समक्ष रखी गईं। ग्राम प्रधान श्री रायपाल सिंह द्वारा ग्रीष्मकाल में जलापूर्ति की समस्या से अवगत कराया गया ।  चन्दर सिंह द्वारा वन विभाग में चौकीदार पद पर कार्यरत होने के बावजूद वर्ष 2025 का वेतन अब तक प्राप्त न होने की समस्या बताई गई। वहीं कमल सिंह द्वारा वृद्धावस्था पेंशन मार्च 2025 से अगस्त 2025 तक प्राप्त न होने की जानकारी दी गई । इसके अतिरिक्त श्री सुभाष सिंह द्वारा बताया गया कि कुछ बाहरी व्यक्ति एवं रेस्टोरेंट संचालक गांव के आसपास से सूखी एवं हरी लकड़ियों का अवैध कटान कर रहे हैं, जिस पर रोक लगाना ग्रामहित में आवश्यक है। ग्रामीणों द्वारा मुख्य सड़क के किनारे नाली निर्माण न होने के कारण बरसात के समय सड़क का पानी नीचे बने मकानों के लिए खतरा बनने की समस्या भी उठाई गई। साथ ही ग्राम पंचायत क्षेत्र में शराब एवं नशीले पदार्थों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाए जाने का सुझाव भी दिया गया । थानाध्यक्ष थत्यूड़ द्वारा उपस्थित ग्रामीणों को आश्वस्त किया गया कि उक्त समस्याओं के समाधान हेतु संबंधित विभागों से आवश्यक पत्राचार किया जाएगा तथा ग्राम सभा स्तर पर नशा मुक्ति एवं जनजागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा । थाना दिवस के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को उच्चाधिकारीगणों के निर्देशन में चलाए जा रहे विभिन्न जनजागरूकता अभियानों की जानकारी भी दी गई। पुलिस टीम द्वारा नशा मुक्त अभियान, सीनियर सिटीजन एवं एकल नागरिकों की सुरक्षा, साइबर अपराध, ऑनलाइन फ्रॉड, एटीएम फ्रॉड, उत्तराखंड पुलिस ऐप एवं गौरा शक्ति ऐप के संबंध में विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया गया तथा ऐप डाउनलोड भी कराए गए । साथ ही बाहरी व्यक्तियों एवं फड़-फेरी करने वालों का शत-प्रतिशत सत्यापन कराने, आगामी चारधाम यात्रा के दृष्टिगत यातायात नियमों का पालन करने एवं चारधाम यात्रा को सकुशल संपन्न कराने हेतु पुलिस प्रशासन को सहयोग प्रदान करने की अपील की गई ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *