एसएसपी टिहरी श्वेता चौबे के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी टिहरी द्वारा थाना लम्बगांव का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण सम्पन्न ।

टिहरी | वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी टिहरी चंदमोहन सिंह द्वारा थाना लम्बगांव का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय, अभिलेखों, शस्त्रागार, मालखाना, आपदा उपकरणों एवं थाना परिसर का गहनता से निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए । निरीक्षण के दौरान थाना लम्बगांव में उपलब्ध आर्म्स एवं एम्यूनिशन का भौतिक सत्यापन किया गया तथा पुलिस कार्मिकों को शस्त्रों की सुरक्षित हैंडलिंग एवं प्रभावी उपयोग के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। साथ ही शस्त्रों के रख-रखाव एवं आपात परिस्थितियों में त्वरित उपयोग हेतु सतर्क रहने के निर्देश दिए गए । थाना क्षेत्र आपदा की दृष्टि से संवेदनशील होने के कारण उपलब्ध आपदा राहत एवं बचाव उपकरणों का निरीक्षण किया गया। क्षेत्राधिकारी महोदय द्वारा दैवीय आपदा, भूस्खलन एवं अन्य आपात परिस्थितियों में उपकरणों के प्रभावी उपयोग हेतु पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए । निरीक्षण के दौरान माल मुकदमाती, मुकदमाती वाहनों एवं मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत सीज वाहनों का निरीक्षण कर उनके उचित रख-रखाव एवं समयबद्ध निस्तारण हेतु निर्देशित किया गया । थाना कार्यालय में रखे अभिलेखों, रजिस्टरों, लंबित विवेचनाओं एवं प्राप्त प्रार्थना पत्रों की समीक्षा करते हुए उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए गए। साथ ही कैश बुक एवं विविध निधि कैश बुक का निरीक्षण किया गया, जिसमें अभिलेख सही पाए गए । निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, कार्यालय, भोजनालय, सीसीटीएनएस कार्यालय, महिला सहायता डेस्क एवं शिशु सहायता पटल की साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया । क्षेत्राधिकारी महोदय द्वारा स्वच्छ एवं अनुशासित कार्य वातावरण बनाए रखने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए । तत्पश्चात थाना पर नियुक्त समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों का सम्मेलन आयोजित कर उनकी व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं की जानकारी ली गई तथा उनके निराकरण का आश्वासन दिया गया। साथ ही सभी कार्मिकों को जनसामान्य के साथ मधुर व्यवहार रखते हुए संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ ड्यूटी निर्वहन करने हेतु प्रेरित किया गया । निरीक्षण के दौरान थाना क्षेत्र के व्यापार मंडल, टैक्सी यूनियन एवं स्थानीय जनमानस के साथ गोष्ठी आयोजित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना गया। क्षेत्राधिकारी द्वारा सभी से पुलिस प्रशासन का सहयोग करने, यातायात नियमों का पालन करने एवं किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *