चारधाम यात्रा-2026 को सकुशल सम्पन्न कराने को लेकर IG LO सुनील कुमार मीणा द्वारा SSP टिहरी श्वेता चौबे के साथ किया गया चारधाम यात्रा रूट का निरीक्षण |

टिहरी | चारधाम यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुचारु एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस महानिरीक्षक (लॉ एंड ऑर्डर) सुनील कुमार मीणा द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के साथ चारधाम यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान यात्रा से संबंधित सभी महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा प्रबंधों का गहनता से जायजा लिया गया । निरीक्षण के दौरान आईजी द्वारा प्रमुख पड़ावों, पुलिस चौकियों, पंजीकरण केन्द्रों एवं संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए । उन्होंने विशेष रूप से भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण एवं यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया । बद्रीनाथ रूट पर निरीक्षण के दौरान भीड़ नियंत्रण, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था तथा निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। आईजी महोदय ने निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करते हुए यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने दी जाए तथा सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए । मुनि की रेती क्षेत्र के भ्रमण के दौरान पुलिसिंग व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने तैनात पुलिस कार्मिकों को उच्च मानकों के अनुरूप कार्य करने, यात्रियों के साथ सौम्य एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखने तथा आपदा प्रबंधन के प्रति पूर्ण रूप से तैयार रहने के निर्देश दिए । इसके अतिरिक्त जनप्रतिनिधियों एवं व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर यातायात, पार्किंग एवं अन्य व्यवस्थाओं पर समन्वय स्थापित करते हुए व्यावहारिक एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया । आईजी ने कहा कि चारधाम यात्रा प्रदेश की आस्था एवं प्रतिष्ठा से जुड़ी है, अतः सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा अनुभव प्रदान करें ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *