टिहरी | जनपद टिहरी गढ़वाल में आमजन, विशेषकर युवाओं को अपराधों के प्रति जागरूक करने एवं कानून व्यवस्था के प्रति संवेदनशील बनाने हेतु चलाए जा रहे “पुलिस आपके द्वार” अभियान के क्रम में कोतवाली नरेंद्रनगर पुलिस द्वारा राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, नरेंद्रनगर में एक विस्तृत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया । यह कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार एवं अपर पुलिस अधीक्षक तथा क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन प्रभारी हेल्पलाइन नरेंद्रनगर महिला उपनिरीक्षक दीपिका तिवारी के नेतृत्व में किया गया, जिसमें महिला हेड कांस्टेबल कमला एवं हेड कांस्टेबल रमेश भी उपस्थित रहे । कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लगभग 150 छात्र-छात्राओं, शिक्षकगण एवं कॉलेज स्टाफ को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। पुलिस टीम द्वारा निम्न बिंदुओं पर विशेष रूप से जागरूक किया गया । नशा एवं उसके दुष्प्रभाव: युवाओं को नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में बताया गया तथा अवैध नशा तस्करी की रोकथाम में सहयोग करने हेतु प्रेरित किया गया । यातायात नियम एवं नए प्रावधान: सड़क सुरक्षा के महत्व, हेलमेट/सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग तथा यातायात नियमों के उल्लंघन पर होने वाली कार्यवाही के बारे में जानकारी दी गई । साइबर अपराध: विशेषकर महिलाओं से संबंधित साइबर अपराधों (जैसे ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया दुरुपयोग आदि) से बचाव के उपायों पर प्रकाश डाला गया । महिला सुरक्षा एवं पोक्सो एक्ट: महिला सुरक्षा कानूनों, पोक्सो अधिनियम एवं उससे संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई । आपातकालीन सेवाएं एवं ऐप्स: गौरा शक्ति ऐप, 112 आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर एवं साइबर हेल्पलाइन नंबर के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया ।
नए आपराधिक कानून: हाल ही में लागू किए गए नए आपराधिक कानूनों के प्रमुख बिंदुओं से अवगत कराया गया । कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा पुलिस टीम से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। पुलिस टीम द्वारा सभी को जागरूक नागरिक बनने एवं किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने हेतु प्रेरित किया गया । इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से पुलिस एवं जनता के बीच संवाद को सुदृढ़ करते हुए समाज में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण स्थापित करने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है ।
















Leave a Reply