टिहरी | वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद टिहरी गढ़वाल के आदेशानुसार अपर पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी नरेंद्र नगर महोदय के निकट पर्यवेक्षण में कोतवाली देवप्रयाग पुलिस द्वारा पुलिस जन आपके द्वार अभियान के अंतर्गत कस्बा तीन धारा में एक जन-जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया । इस दौरान पुलिस टीम द्वारा उपस्थित आम जनमानस/क्षेत्रवासियों को समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति के दुष्प्रभावों, उसके रोकथाम एवं बचाव के उपायों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने, महिला एवं बालकों के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम तथा उनसे संबंधित सुरक्षा उपायों के बारे में भी जागरूक किया गया । गोष्ठी के दौरान क्षेत्रवासियों को यातायात नियमों का पालन करने हेतु प्रेरित किया गया तथा बताया गया कि सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। पुलिस द्वारा साइबर अपराधों जैसे बैंक फ्रॉड, सोशल मीडिया ठगी, फर्जी कॉल आदि से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए बताया गया कि किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश के झांसे में न आएं तथा धोखाधड़ी होने की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें । इसके अतिरिक्त, आमजन को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सएप, फेसबुक एवं इंस्टाग्राम का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। सीसीटीवी कैमरों की उपयोगिता एवं अपराध नियंत्रण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में जानकारी देते हुए क्षेत्रवासियों से अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का आग्रह किया गया । कार्यक्रम के दौरान उत्तराखण्ड पुलिस ऐप एवं गौरा शक्ति ऐप के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई तथा आपातकालीन सेवाओं से संबंधित महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी साझा की गई । साथ ही उपस्थित लोगों से अपील की गई कि वे इस जानकारी को अपने मित्रों, परिजनों एवं अन्य ग्रामीणों तक भी पहुंचाएं, जिससे समाज में व्यापक स्तर पर जागरूकता लाई जा सके ।
इस जन-जागरूकता गोष्ठी में ग्राम के लगभग 52 पुरुष एवं महिलाओं ने प्रतिभाग किया और पुलिस द्वारा दी गई जानकारी को सराहा ।
















Leave a Reply