सड़क सुरक्षा कार्यशाला का सफल आयोजन जे आर जोशी Addl. SP जनपद टिहरी गढ़वाल द्वारा बताए गए ट्रैफिक के गुर ।

टिहरी | आज परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा एवं फर्स्ट रिस्पांडर प्रशिक्षण विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में पुलिस विभाग, चिकित्सा विभाग एवं परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, विशेषज्ञों तथा कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया । कार्यशाला का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकने, सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित और प्रभावी राहत उपलब्ध कराने की दिशा में सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित करना रहा । पुलिस विभाग ने यातायात नियमों के पालन, सड़क पर सतर्कता और अनुशासन की आवश्यकता पर विस्तृत जानकारी दी । चिकित्सा विभाग की टीम ने सड़क दुर्घटनाओं के दौरान प्राथमिक उपचार (First Aid) और गोल्डन ऑवर में उपचार की अहमियत पर उपयोगी प्रशिक्षण दिया । परिवहन विभाग ने सड़क सुरक्षा कानून, हेलमेट एवं सीट बेल्ट की अनिवार्यता, वाहन चालकों की जिम्मेदारियों और यातायात सुधार के उपायों पर प्रकाश डाला । इस कार्यशाला में फर्स्ट रिस्पांडर्स को प्रशिक्षित किया गया, ताकि किसी भी सड़क दुर्घटना की स्थिति में वे तत्काल राहत एवं प्राथमिक उपचार देकर जनहानि को न्यूनतम कर सकें । अधिकारियों ने इस अवसर पर आमजन से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित ड्राइविंग की आदत डालें और सड़क सुरक्षा के प्रति स्वयं जागरूक होकर समाज को जागरूक बनाने में योगदान दें । यह कार्यशाला विभागीय समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण रही और इससे सड़क सुरक्षा की दिशा में ठोस परिणाम सामने आने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *