थाना घनसाली पुलिस द्वारा दूरस्थ गांवों में जाकर वरिष्ठ नागरिकों एवं एकल बुजुर्गों की कुशलक्षेम पूछी गई ।

टिहरी | वरिष्ठ नागरिक समाज की अनमोल धरोहर हैं। उनके अनुभव, मार्गदर्शन और आशीर्वाद से ही समाज की नींव सुदृढ़ होती है। इसी दृष्टिगत आयुष अग्रवाल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जनपद टिहरी गढ़वाल द्वारा जनपद के सभी थाना प्रभारियों को यह निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में रहने वाले एकल बुजुर्गों और वरिष्ठ नागरिकों की घर-घर जाकर कुशलक्षेम पूछें, उनकी समस्याओं को सुनें और आवश्यकतानुसार त्वरित सहायता उपलब्ध कराएं । उक्त आदेशों के अनुपालन में, अपर पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी महोदय के निकट पर्यवेक्षण में थाना घनसाली पुलिस की टीम द्वारा दूरदराज के गाँवों में भ्रमण कर वहां रह रहे एकल बुजुर्ग वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात की गई । इस दौरान पुलिस कर्मियों ने बुजुर्गों का हालचाल जाना, उनके सामने आने वाली दैनिक जीवन की समस्याओं को समझा तथा उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा या परेशानी होने पर तुरंत पुलिस हेल्पलाइन अथवा थाना घनसाली से संपर्क करने हेतु प्रेरित किया। साथ ही, उन्हें यह आश्वासन भी दिया गया कि पुलिस सदैव उनकी सेवा और सुरक्षा के लिए तत्पर है । इस पहल से ग्रामीण अंचलों में रह रहे एकल बुजुर्ग अत्यंत प्रसन्न दिखाई दिए। उन्होंने पुलिस का अपने घर तक आकर हालचाल पूछने के लिए आभार व्यक्त किया और इसे आत्मिक संबल प्रदान करने वाला कदम बताया । यह अभियान भविष्य में भी निरंतर रूप से चलाया जाएगा ताकि जनपद में रहने वाले प्रत्येक वरिष्ठ नागरिक को सुरक्षा, सम्मान और सहयोग का अनुभव हो सके ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *