उत्तरकाशी में पुलिस ने चलाया विशेष सत्यापन अभियान, 450 के किये सत्यापन 38 मकान मालिक सहित 98 पर की कार्रवाई, 3.96 लाख का संयोजन शुल्क वसूला एस0पी0 उत्तरकाशी द्वारा बडकोट में सत्यापन अभियान की समीक्षा तथा खरसाली पहुंचकर शीतकालीन यात्रा का लिया जायजा |

उत्तरकाशी | अपराध तथा संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम हेतु पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी के निर्देशन पुलिस द्वारा दिन-रात चैकिंग अभियान के साथ-साथ बाहरी व्यक्तियों के शत्-प्रतिशत पुलिस सत्यापन हेतु सत्यापन अभियान चलाये जा रहें हैं। उत्तरकाशी पुलिस द्वारा उत्तरकाशी जिला मुख्यालय तथा यमुना वैली के बडकोट में विशेष सत्यापन अभियान चलाकर बड़ी संख्या में बाहरी व्यक्तियों के पुलिस सत्यापन किये गये। सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस द्वारा 450 व्यक्तियों के सत्यापन प्रपत्र भरकर जांच हेतु भेजे गये। किरायेदार का सत्यापन न करवाने पर 38 मकान मालिक जबकि अपना सत्यापन न करवाने वाले 65 लोगों के विरुद्ध पुलिस एक्ट में चालानी कार्रवाई कर 3.96 लाख का संयोजन शुल्क वसूला गया । पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय द्वारा यमुना वैली के बडकोट में पहुंचकर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष सत्यापन अभियान की समीक्षा करते हुये बाहरी प्रान्तों से जनपद में निवासरत व्यक्तियों, किरायेदार, घरेलू नौकर, मजदूर, फड़-फेरी व रेडी-ठेली लगाने वाले के शत्-प्रतिशत पुलिस सत्यापन करने के सम्बन्ध में जरुरी निर्देश व हिदायतें दी गयी। तत्पश्चात उनके द्वारा मां यमुना जी के शीतकालीन प्रवास खरसाली (खुशीमठ) पहुंचकर यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग तथा शीतकालीन यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया गया। खरसाली में स्थित मां यमुना जी के मन्दिर में पूजा-अर्चना एवं दर्शन करने के उपरांत तीर्थ पुरोहितों के साथ शीतकालीन यात्रा एवं आगामी चारधाम यात्रा-2026 के सम्बन्ध में चर्चा-परिचर्चा तथा पूर्व की यात्राओं का फीडबैक लिया गया। शीतकालीन यात्रा तथा मन्दिर सुरक्षा को लेकर पुलिस अधिकारियों को जरुरी निर्देश दिये गये

पुलिस उपाधीक्षक बडकोट देवेन्द्र सिंह नेगी के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष बडकोट एवं थानाध्यक्ष पुरोला के नेतृत्व में थाना बडकोट व पुरोला पुलिस की टीम द्वारा बडकोट मे सत्यापन अभियान को दौरान बाहरी प्रान्तों के 250 लोगों के पुलिस सत्यापन किये गये हैं, किरायेदार सत्यापन न करवाने पर 10 मकान मालिक तथा 50 लोगों का अपना सत्यापन न करवाने पर पुलिस एक्ट में चालान किया गया । रु0 1,12,500 का संयोजन शुल्क वसूला गया । वहीं पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी श्री जनक सिंह पंवार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली एवं प्रभारी निरीक्षक मनेरी के नेतृत्व में पुलिस व आई0आर0बी0 की टीम द्वारा उत्तरकाशी मुख्यालय में सत्यापन अभियान चलाकर बाहरी प्रान्तों से जनपद में निवासरत व्यक्तियों किरायेदार, मजदूर, घरेलू नौकर, रेड़ी-ठेली, फड़-फेरी लगाने वाले 200 लोगों के पुलिस सत्यापन प्रपत्र जांच हेतु भेजे गये जबकि किरायेदार सत्यापन न करवाने पर 28 मकान मालिक तथा 15 लोगों के सत्यापन न करवाने पर पुलिस एक्ट में कार्रवाई की गयी। रु0 2,83,750 का संयोजन शुल्क वसूला गया । एस0पी0 उत्तरकाशी द्वारा बताया गया कि अपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए बाहरी प्रान्तों से जनपद में निवासरत व्यक्तियों के पुलिस सत्यापन बेहद जरुरी हैं, आज पुलिस द्वारा उत्तरकाशी एवं बडकोट में विशेष सत्यापन अभियान चलाकर काफी संख्या में सत्यापन किये गये हैं। सभी मकान मालिकों, ठेकेदारों से अपील है कि अपने किरायेदारों अथवा घरेलू नौकर, मजदूर आदि के पुलिस सत्यापन अनिवार्य रुप से करवाकर कानून एवं शान्ति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। पुलिस द्वारा आगे भी समय-समय पर सत्यापन अभियान चलाया जायेगा, किरायेदार/मजदूरों का सत्यापन न करवाने वालें लोगों पर कार्रवाई की जायेगी ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *