टिहरी | जनपद टिहरी गढ़वाल में नियुक्त अपर उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस नरेश कुमार बहुगुणा के अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने के अवसर पर पुलिस कार्यालय में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर टिहरी पुलिस परिवार द्वारा उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए उनके दीर्घकालीन, समर्पित एवं सराहनीय सेवाकाल के लिए सम्मानित किया गया ।
नरेश कुमार बहुगुणा का पुलिस विभाग में चयन आरक्षी के पद पर हुआ था। अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने विभिन्न जनपदों जैसे मथुरा (उत्तर प्रदेश), चमोली, देहरादून, टिहरी में अपनी सेवाएं प्रदान की। पदोन्नति प्राप्त कर अपर उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस के पद पर नियुक्त हुए। वह जनपद टिहरी गढ़वाल में कार्यरत रहे। अपने कुल 37 वर्ष 07 माह के सेवाकाल में उन्होंने कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं ईमानदारी का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
सेवानिवृत्ति के इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल आयुष अग्रवाल द्वारा बहुगुणा की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा गया कि उनका योगदान पुलिस विभाग के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने बहुगुणा को सपरिवार स्वस्थ, सुखमय एवं समृद्ध जीवन की शुभकामनाएं दीं तथा भविष्य में किसी भी प्रकार की आवश्यकता होने पर विभाग द्वारा हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उपाधीक्षक चम्बा/टिहरी गढ़वाल द्वारा नरेश कुमार बहुगुणा को पुलिस स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही उपस्थित समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा उन्हें शुभकामनाएं देते हुए भावभीनी विदाई दी गई।
विदाई समारोह में प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन चंबा अमित कुमार, निरीक्षक वाचक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रविन्द्र सिंह रावत, पीआरओ निरीक्षक प्रवीन सिंह, निरीक्षक श्री प्रताप सिंह सहित पुलिस कार्यालय के विभिन्न शाखाओं के प्रभारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
जनपद टिहरी गढ़वाल के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारीगण नरेश कुमार बहुगुणा के दीर्घकालीन योगदान के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्जवल एवं सुखद भविष्य की कामना करते हैं। यह विश्वास व्यक्त किया गया कि सेवानिवृत्ति के पश्चात भी उनका मार्गदर्शन एवं स्नेह पुलिस परिवार को निरंतर प्राप्त होता रहेगा।
















Leave a Reply