टिहरी | कोतवाली नई टिहरी क्षेत्रान्तर्गत गणेश चौक के पास एक इलेक्ट्रिक कार में अचानक आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। जानकारी के अनुसार हिमांशु पुत्र करण सिंह, निवासी केदारपुरम, अपनी इलेक्ट्रिक कार से एक विवाह समारोह में सम्मिलित होने हेतु आए थे। वाहन को सड़क किनारे सुरक्षित खड़ा कर वे बाजार में खरीदारी करने चले गए थे । इसी दौरान खड़ी कार में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची तथा फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया। पुलिस एवं फायर सर्विस की त्वरित एवं समन्वित कार्यवाही से आग पर शीघ्र नियंत्रण पा लिया गया । घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। पुलिस द्वारा तत्परता दिखाते हुए आसपास मौजूद लोगों एवं वाहनों को सुरक्षित स्थान पर हटाया गया, जिससे कोई अप्रिय घटना घटित नहीं हुई । प्रारम्भिक जांच में आग लगने का संभावित कारण इलेक्ट्रिक वाहन के सिस्टम में शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। तथापि, घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि हेतु विस्तृत जांच की जा रही है ।
पुलिस की अपील:
सभी वाहन स्वामियों से अनुरोध है कि वे अपने वाहनों का नियमित निरीक्षण कराते रहें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस अथवा फायर सेवा को सूचित करें। सतर्कता एवं त्वरित सूचना से संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।













Leave a Reply