पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित ।

टिहरी | जनपद टिहरी गढ़वाल में पुलिस स्मृति दिवस पर अत्यंत श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समस्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगणों ने उन वीर पुलिस जवानों को नमन किया गया जिन्होंने देश की एकता, अखंडता एवं आंतरिक सुरक्षा की रक्षा हेतु अपने प्राणों की आहुति दी।

पुलिस स्मृति दिवस का इतिहास और महत्व:

पुलिस स्मृति दिवस प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को देशभर में मनाया जाता है। इसका इतिहास वर्ष 1959 से जुड़ा है जब लद्दाख क्षेत्र के हॉट स्प्रिंग (Hot Spring) में भारत-तिब्बत सीमा की सुरक्षा हेतु सी.आर.पी.एफ. (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल) की तीसरी बटालियन की एक कंपनी तैनात थी। 21 अक्टूबर, 1959 को इस कंपनी के 21 जवानों का एक गश्ती दल सीमा क्षेत्र में गश्त कर रहा था। तभी चीनी सेना के एक बड़े दस्ते ने इस गश्ती दल पर घात लगाकर हमला कर दिया । भारतीय बल के इन 21 वीर जवानों ने मातृभूमि की रक्षा हेतु अभूतपूर्व साहस और वीरता का परिचय देते हुए दुश्मनों का डटकर मुकाबला किया। इस संघर्ष में 10 वीर जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी और शौर्य, बलिदान व देशभक्ति का अमर उदाहरण प्रस्तुत किया । इन्हीं वीर जवानों की अमर गाथा को स्मरण करने तथा उनके बलिदान को श्रद्धांजलि अर्पित करने हेतु प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिवस देशभर के सभी केंद्रीय पुलिस संगठनों (CAPFs) एवं राज्य पुलिस बलों द्वारा श्रद्धा व गौरव के साथ मनाया जाता है ।

जनपद स्तर पर कार्यक्रम:


जनपद टिहरी गढ़वाल में पुलिस स्मृति दिवस पर जिला मुख्यालय में एक भव्य श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद टिहरी गढ़वाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों, थाना प्रभारियों, पुलिसकर्मियों एवं नागरिकों ने शहीद पुलिस कर्मियों को पुष्पांजलि अर्पित की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय ने अपने संबोधन में कहा कि—

“हमारे शहीद पुलिस जवानों का बलिदान सदा अमर रहेगा। उनके त्याग और समर्पण से हमें देश सेवा के प्रति प्रेरणा मिलती है। पुलिस बल का प्रत्येक सदस्य अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित रहकर देश और समाज की सुरक्षा हेतु तत्पर रहेगा।”

कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रखकर सभी उपस्थितजनों ने शहीद पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर उपस्थित आयुष अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद टिहरी गढ़वाल, जे आर जोशी अपर पुलिस अधीक्षक जनपद टिहरी गढ़वाल, ओशिन जोशी, क्षेत्राधिकारी टिहरी, महेश लखेड़ा क्षेत्राधिकारी चंबा, संजीवा कुमार, सी0 एफ0 ओ0 टिहरी, सहित अधिकारीगणों एवं कर्मचारियों ने शपथ ली कि वे सदैव देश की एकता, अखंडता एवं जन-सेवा के लिए समर्पित रहेंगे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *