टिहरी | आज आयुष अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद टिहरी गढ़वाल, की अध्यक्षता में पुलिस लाइन चंबा में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे । बैठक के प्रारंभ में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी पुलिस कर्मियों की कार्यक्षमता, अनुशासन एवं जनसेवा कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से उनके व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं को साझा करने को कहा गया तथा उनके त्वरित समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए ।
32 कार्मिक हुए सम्मानित – “Employee of the Month” पुरस्कार से नवाजे गए
जनपद में उत्कृष्ट सेवा, सराहनीय कार्य एवं जनहित में विशेष योगदान देने वाले 32 पुलिस कार्मिकों को “Employee of the Month” घोषित कर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद टिहरी गढ़वाल, आयुष अग्रवाल, द्वारा नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
SSP ने सभी पुरस्कृत कर्मचारियों को उनके कार्य के प्रति समर्पण बनाए रखने तथा अन्य कर्मियों को भी इसी प्रकार प्रेरणा लेकर बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।
अपराध नियंत्रण एवं जनहित में दिए गए महत्वपूर्ण निर्देश।
गोष्ठी के दौरान SSP टिहरी गढ़वाल द्वारा जनपद में घटित अपराधों की समीक्षा कर अपराध नियंत्रण हेतु निम्नलिखित दिशा-निर्देश जारी किए गए—
1. अज्ञात शवों की शिनाख्त हेतु विशेष अभियान:
सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि अज्ञात पुरुष एवं महिला शवों की पहचान सुनिश्चित करने हेतु चल रहे अभियान को और प्रभावी बनाया जाए।
2. मादक पदार्थों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही:
NDPS Act के अंतर्गत मादक पदार्थों की अवैध बिक्री एवं तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कार्यवाही को और तेज किया जाए।
3. ड्रंकन ड्राइविंग एवं नशे के विरुद्ध निरोधात्मक कदम:
मोटर वाहन अधिनियम के तहत ड्रंकन ड्राइविंग एवं नशे से संबंधित मामलों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
4. साइबर अपराध नियंत्रण:
साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं की समीक्षा करते हुए साइबर सेल को इन अपराधों के त्वरित निस्तारण हेतु विशेष रूप से निर्देशित किया गया।
5. पुलिस मुख्यालय अभियानों में सक्रिय भागीदारी:
पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित अभियानों जैसे—अपराध नियंत्रण, साइबर फ्रॉड, जनसुरक्षा, महिला सुरक्षा, अज्ञात शवों, आदि में अधिकाधिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
6. अभियुक्तों का डिजिटल डाटा, फिंगर प्रिंट संधारण:
जेल भेजे जा रहे अभियुक्तों के फिंगरप्रिंट एवं रेटिना स्कैन लेने हेतु नफीस सेल को आदेशित किया गया, ताकि भविष्य में अपराध विश्लेषण एवं पहचान में सहूलियत रहे।
7. ऑनलाइन पोर्टलों पर दर्ज शिकायतों का त्वरित निस्तारण:
C.M हेल्पलाइन पोर्टल, सीनियर सिटिजन पोर्टल, अपनी सरकार पोर्टल आदि पर दर्ज शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने हेतु सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया गया।
8. लंबित विवेचनाओं एवं न्यायालय आदेशों पर तत्पर कार्यवाही:
लंबित विवेचनाओं, जांचों, शिकायती पत्रों एवं न्यायालय से प्राप्त आदेशों की तामील शीघ्रता से करने के निर्देश दिए गए।
गोष्ठी में उपस्थित अधिकारीगण,
गोष्ठी में प्रमुख रूप से जे0 आर0 जोशी, Addl. SP जनपद टिहरी गढ़वाल, सुरेंद्र सिंह भंडारी, CO नरेंद्र नगर, ओशिन जोशी, क्षेत्राधिकारी टिहरी, महेश लखेड़ा, क्षेत्राधिकारी चंबा, सीमा रानी, APO टिहरी, अमित कुमार, प्रतिसार निरीक्षक, पुलिस लाइन चंबा, सहित जनपद मुख्यालय के सभी थाना प्रभारी एवं शाखा प्रभारीगण उपस्थित रहे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को संवेदनशीलता, प्रोफेशनलिज्म एवं पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
















Leave a Reply