स्कूल से लापता हुए 02 नाबालिगों की देवप्रयाग पुलिस ने की 12 घंटे के भीतर सकुशल बरामदगी ।

टिहरी | रात्रि लगभग 09:00 बजे देवप्रयाग पुलिस को सूचना मिली कि 02 नाबालिग बच्चे (14 वर्ष व 16 वर्ष) आज सुबह राजकीय इंटर कॉलेज गए थे, जो इंटरवल के बाद से स्कूल से गायब हो गए हैं तथा घर नहीं पहुंचे हैं । देवप्रयाग पुलिस द्वारा घटना से उच्चाधिकारीगणों को अवगत कराया गया तदोपरांत आयुष अग्रवाल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद टिहरी गढ़वाल द्वारा घटना की गंभीरता को देखते हुए नाबालिगों की शीघ्र व सकुशल बरामदगी हेतु थाना पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए । थानाध्यक्ष देवप्रयाग महिपाल सिंह रावत द्वारा अपर पुलिस अधीक्षक जनपद टिहरी गढ़वाल तथा क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर महोदय के निकट पर्यवेक्षण में तीन टीमों का गठन किया गया । थानाध्यक्ष देवप्रयाग के नेतृत्व में गठित टीमों द्वारा रात भर तलाशी अभियान चलाते हुए दोनों नाबालिग बालकों को थाना क्षेत्र से ही सूचना प्राप्ति के मात्र 12 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया गया । पूछताछ में नाबालिगों द्वारा बताया गया कि उनका पढ़ाई-लिखाई में मन नहीं लगता है तथा वह केदारनाथ जाकर पैसा कमाना चाहते थे, जिस कारण वह लोग इंटरवल के दौरान बिना बताए स्कूल से निकल गए थे । पुलिस द्वारा दोनों नाबालिगों की काउंसलिंग की गई तथा सकुशल परिजनों के सुपुर्द किया गया। पुलिस की त्वरित कार्यवाही व बच्चों की सकुशल बरामदगी को लेकर परिजनों द्वारा थानाध्यक्ष देवप्रयाग तथा उनकी टीम का कोटि-कोटि धन्यवाद किया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *