“अभियान प्रहरी पड़ाव”: ग्राम सारी में पुलिस ने सुनी जनता की समस्याएं; रात्रि चौपाल में उमड़ा ग्रामीणों का जनसैलाब ।

रुद्रप्रयाग | ​जनपद में सामुदायिक पुलिसिंग को सुदृढ़ करने और पुलिस-जनता के बीच समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “अभियान प्रहरी पड़ाव” के तहत पुलिस अब गांव-गांव जाकर चौपाल लगा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर के निर्देशों के अनुपालन में रात्रि को कोतवाली ऊखीमठ पुलिस द्वारा ग्राम सारी में एक रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया । ​इस चौपाल की अध्यक्षता वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रदीप चौहान द्वारा की गई, जिसमें महिला उपनिरीक्षक पूजा रावत सहित कोतवाली ऊखीमठ की टीम मौजूद रही । कार्यक्रम में ग्राम सारी के महिला मंगल दल, युवक मंगल दल, ग्राम प्रहरियों और क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की । रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस के समक्ष अपनी स्थानीय समस्याएं रखीं और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने हेतु महत्वपूर्ण सुझाव भी साझा किए। पुलिस टीम द्वारा ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और उनके त्वरित निस्तारण का आश्वासन दिया गया। विशेष रूप से ग्राम प्रहरियों से संवाद कर उन्हें सूचना तंत्र को और अधिक मजबूत करने हेतु प्रोत्साहित किया गया ।

• ​​साइबर अपराध – वर्तमान में बढ़ रही ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव हेतु साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी गई और किसी भी अनजान लिंक या ओटीपी (OTP) को साझा न करने की अपील की गई।
• ​महिला एवं बाल सुरक्षा – महिलाओं और बच्चों के प्रति होने वाले अपराधों को रोकने हेतु कानूनी प्रावधानों और सुरक्षा एप्स के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
​नशा मुक्ति अभियान: ‘ड्रग फ्री देवभूमि’ के संकल्प को दोहराते हुए युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया गया और समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग मांगा गया।
• ​यातायात एवं अन्य नियम – यातायात नियमों के पालन के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं हेतु 112 और चाइल्ड हेल्प लाइन 1098 के महत्व को समझाया गया।

​पुलिस की इस पहल की ग्रामीणों द्वारा मुक्त कंठ से प्रशंसा की गई। ग्राम सारी के निवासियों ने कहा कि पुलिस का इस तरह रात्रि में गांव के बीच आकर संवाद करना सुरक्षा की भावना को प्रबल करता है। रुद्रप्रयाग पुलिस का यह अभियान जनपद के अन्य दूरस्थ गांवों में भी निरन्तर जारी है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *