पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में “अभियान प्रहरी पड़ाव” के तहत ग्राम खांकरा में जन-जागरुकता चौपाल हुई आयोजित ।

रुद्रप्रयाग | जनपद में अपराध नियंत्रण और सामुदायिक पुलिसिंग को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में ”अभियान प्रहरी पड़ाव” का प्रभावी संचालन किया जा रहा है। इसी क्रम में गत रात्रि जनपद के ग्राम खांकरा में एक जन-जागरुकता चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय ग्रामीणों ने भारी उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। ​चौपाल के दौरान प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुद्रप्रयाग, सुरेश चन्द्र बलूनी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सचेत किया। उन्होंने साइबर फ्रॉड से बचाव के तरीकों, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने और अपनी निजी वित्तीय जानकारी साझा न करने की अपील की। कार्यक्रम में अपर उपनिरीक्षक यशपाल रावत एवं हेड कांस्टेबल सुशील द्वारा ग्रामीणों को कानून और सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जागरुक किया गया, जिसमें मुख्य रूप से निम्नलिखित विषय शामिल रहे-

• ​महिला सुरक्षा एवं अपराध – महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
• ​डिजिटल सशक्तिकरण – उत्तराखंड पुलिस द्वारा संचालित ‘गौरा शक्ति ऐप’ और ‘उत्तराखंड पुलिस ऐप’ की कार्यप्रणाली समझाते हुए उन्हें मोबाइल में इंस्टॉल करने हेतु प्रोत्साहित किया गया।
• ​सत्यापन एवं यातायात – बाहरी व्यक्तियों के किरायेदार सत्यापन की आवश्यकता पर जोर दिया गया और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई।

​इस चौपाल की विशेषता यह रही कि ग्रामवासियों ने न केवल पुलिस की बातों को ध्यानपूर्वक सुना, बल्कि अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। ग्रामीणों ने पुलिस विभाग के इस अभिनव प्रयास की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के संवाद कार्यक्रमों से आम जनता और पुलिस के बीच की दूरी कम होती है और अपराध मुक्त समाज की दिशा में मदद मिलती है । ​रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा विश्वास दिलाया गया कि ‘अभियान प्रहरी पड़ाव’ के माध्यम से जनपद के अंतिम छोर तक सुरक्षा का संदेश पहुंचाने का यह सिलसिला भविष्य में भी निरन्तर जारी रहेगा ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *