अभियान प्रहरी पड़ाव के तहत चोपता पुलिस ने ग्राम हुड्डू में आयोजित की ‘रात्रि चौपाल’, ग्रामीणों को सुरक्षा के प्रति किया जागरुक ।

रुद्रप्रयाग | ​पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में चलाए जा रहे “अभियान प्रहरी पड़ाव” के अन्तर्गत गत दिवस 4 अप्रैल की रात्रि को ग्राम हुड्डू में एक रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। चौकी प्रभारी चोपता, मुकेश डिमरी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच की दूरी को कम कर आपसी सामंजस्य स्थापित करना और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करना रहा। चौपाल के दौरान पुलिस टीम ने ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया और स्पष्ट किया कि पुलिस जनता की मित्र है, जिसका लक्ष्य भयमुक्त समाज की स्थापना करना है । ​चौपाल में उपस्थित ग्रामीणों को क्षेत्र में सक्रिय असामाजिक तत्वों और मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध मुखर होने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें सलाह दी गई कि ऐसे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल और गोपनीय रूप से पुलिस को दें। महिलाओं की सुरक्षा के लिए समर्पित ‘गौरा शक्ति ऐप’ के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए पुलिस ने महिलाओं को सशक्त बनाने पर जोर दिया। साथ ही, किरायेदार सत्यापन की अनिवार्यता, यातायात नियमों के पालन और घरेलू हिंसा, महिला अपराध व बाल-विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध कानूनी प्रावधानों पर चर्चा की गई । ​वर्तमान समय की चुनौतियों को देखते हुए ग्रामीणों को साइबर ठगी (Cyber Crime) के प्रति भी विशेष रूप से जागरुक किया गया। पुलिस ने सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के व्यावहारिक सुझाव साझा किए। इसके अतिरिक्त, युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए ‘नशामुक्त देवभूमि’ अभियान में सक्रिय योगदान देने और ग्राम सुरक्षा में अपनी भूमिका सुनिश्चित करने की अपील की गई। इस ‘प्रहरी पड़ाव’ अभियान में महिलाओं की भागीदारी उत्साहजनक रही और ग्रामीणों ने पुलिस की इस जन जागरुकता पहल की भूरि-भूरि सराहना की ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *