​ऑपरेशन प्रहार’ के तहत रुद्रप्रयाग पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की चाक-चौबंद; जनपद भर में चलाया गया सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान ।

रुद्रप्रयाग | ​पुलिस मुख्यालय द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन में, पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा “ऑपरेशन प्रहार” के तहत सुरक्षा व्यवस्था को अत्यंत सुदृढ़ किया गया है। इसी क्रम में गत दिवस सायंकाल एवं आज प्रातःकाल जनपद के समस्त थाना व कोतवाली क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाकर असामाजिक तत्वों और नियम विरुद्ध चलने वाले वाहनों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही अमल में लाई गई । ​जनपद के सभी पांचों कोतवाली क्षेत्रों में तैनात पुलिस टीमों द्वारा मुख्य मार्गों, सार्वजनिक स्थलों और संदिग्ध ठिकानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) के तहत सख्त चालानी कार्यवाही की गई। विशेष रूप से ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट व सीटबेल्ट के वाहन चलाने वाले तथा वाहन के दस्तावेजों में कमी पाए जाने वाले चालकों को दंडित किया गया । ​आगामी केदारनाथ यात्रा-2026 के दृष्टिगत जनपद में बाहरी व्यक्तियों के बढ़ते आगमन को देखते हुए पुलिस द्वारा बाहरी व्यक्तियों और संदिग्धों के वृहद सत्यापन (Verification) की कार्यवाही भी तेज कर दी गई है। ऑपरेशन प्रहार का मुख्य ध्येय आम जनमानस के भीतर सुरक्षा और विश्वास का भाव जागृत करना है, ताकि यात्रा सीजन के दौरान कानून-व्यवस्था पूर्णतः नियंत्रण में रहे । ​रुद्रप्रयाग पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का पूर्ण सहयोग करें। अपने आस-पास किसी भी संदिग्ध गतिविधि, लावारिस वस्तु या संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तत्काल अपने नजदीकी पुलिस थाने या आपातकालीन नंबर 112 पर साझा करें। जनपद पुलिस असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने और नागरिकों की सुरक्षा हेतु पूरी तरह प्रतिबद्ध है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *