केदारनाथ यात्रा 2026, सीओ गुप्तकाशी विकास पुण्डीर के नेतृत्व में पुलिस की एडवांस पार्टी ने गौरीकुण्ड से लेकर केदारनाथ तक किया 3 दिवसीय निरीक्षण, पुलिस बल हेतु की जाने वाली आवासीय व्यवस्था, बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने सहित की जाने वाली सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया गया जायजा ।

केदारनाथ | ​शुरू होने वाली विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम यात्रा के सुरक्षित और सुव्यवस्थित संचालन हेतु रुद्रप्रयाग पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। एसपी रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग/गुप्तकाशी श्री विकास पुण्डीर के नेतृत्व में 16 सदस्यीय एडवांस पार्टी (अग्रिम दल) को केदारनाथ धाम और सभी पैदल यात्रा पड़ावों के निरीक्षण हेतु रवाना किया था। यह दल अपना तीन दिवसीय सघन निरीक्षण एवं आवश्यक बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने के उपरान्त वापस लौट आया है। हालांकि हमारे इस दल के वापस आने के उपरान्त आज पुनः केदारनाथ धाम में फिर से भारी बर्फबारी शुरू हो गयी है। जिससे प्रशासनिक सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं फिर से थम सी गयी हैं । पुलिस के इस अग्रिम दल ने केदारनाथ धाम सहित यात्रा मार्ग के पैदल पड़ावों पर पुलिस बल के आवास, बुनियादी सुविधाओं और सुरक्षा इंतज़ामों का बारीकी से आंकलन किया गया है । निरीक्षण हेतु गयी टीम ने केदारनाथ, लिंचोली, भीमबली और जंगलचट्टी में पुलिस बल के ठहरने की व्यवस्था तथा उपलब्ध सामग्री के स्टॉक का भौतिक सत्यापन कर साफ-सफाई सुनिश्चित की गयी। इन सभी पड़ावों पर विद्युत आपूर्ति, पेयजल की उपलब्धता और अन्य अनिवार्य सुविधाओं का जायजा लिया गया। जिन स्थानों पर मरम्मत की आवश्यकता है, उन्हें चिन्हित किया गया है। अग्रिम दल ने संचार तंत्र को और प्रभावी बनाने तथा फायर सेफ्टी उपकरणों की स्थिति की जांच की। आपात स्थिति से निपटने हेतु एसडीआरएफ तथा आपदा प्रबन्धन दलों हेतु चिन्हित स्थलों का जायजा लिया गया । इस सम्पूर्ण निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों और ऐसे मुद्दे जिन्हें तत्काल ठीक किया जाना अनिवार्य है, उनकी फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की गई है । भेजी गयी एडवांस पार्टी में पुलिस उपाधीक्षक विकास पुण्डीर के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रघुवीर सिंह (चौकी प्रभारी गौरीकुण्ड) अधीनस्थ सिविल पुलिस के स्टाफ सहित, उपनिरीक्षक संचार कपिल नैथानी सहायक स्टाफ सहित, स्टोर मोहर्रिर अपर उपनिरीक्षक बिच्छन सिंह भण्डारी तकनीकी स्टाफ (प्लम्बर, इलेक्ट्रिशियन) फायर सर्विस और एसडीआरएफ के जवानों सहित कुल 16 सदस्य शामिल थे। टीम ने 01 अप्रैल को केदारनाथ के लिए प्रस्थान करते हुए सम्पूर्ण केदारपुरी सहित वापसी में सभी पैदल पड़ावों का निरीक्षण व व्यवस्थाओं को दुरूस्त कर गत दिवस देर रात्रि को जनपद मुख्यालय लौटी है । पुलिस उपाधीक्षक विकास पुण्डीर ने कहा है कि हमारा मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जब आगामी दिवसों में यात्रा ड्यूटियों के निर्वहन हेतु पुलिस बल अपनी तैनाती पर पहुंचे, तो उन्हें बुनियादी सुविधायें पहले से ही दुरूस्त मिले। साथ ही, यात्रियों की सुरक्षा के लिए संचार और फायर सेफ्टी के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। हमारे द्वारा किये गये इस निरीक्षण की रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक महोदय को सौंपी जा रही है, ताकि यात्रा शुरू होने से पूर्व सभी कमियों को दूर किया जा सके ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *