रुद्रप्रयाग | जनपद में आगामी यात्रा सीजन और सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग सुश्री नीहारिका तोमर द्वारा कोतवाली ऊखीमठ क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाली चोपता-तुंगनाथ घाटी का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने भीरी-मक्कूमठ मार्ग से लेकर दुगलबिट्टा और तुंगनाथ के मुहाने चोपता तक के सम्पूर्ण
यात्रा मार्ग की स्थिति का अवलोकन किया । पुलिस अधीक्षक ने भगवान तुंगनाथ के शीतकालीन गद्दीस्थल मर्कटेश्वर मंदिर, मक्कूमठ में दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय पुजारियों और हक-हकूकधारियों के साथ संवाद स्थापित किया। उन्होंने पुजारियों से क्षेत्र की समस्याओं और यात्रा के दौरान आने वाली चुनौतियों पर चर्चा की, ताकि पुलिस प्रशासन स्थानीय समन्वय के साथ बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर सके ।
अवस्थापना सुविधाओं का निरीक्षण भ्रमण के अगले चरण में एसपी नीहारिका तोमर चोपता की ओर पहुंचीं, जहां उन्होंने इस क्षेत्र के यात्रा मार्ग का जायजा लिया। विशेष रूप से उन्होंने चोपता में निर्माणाधीन पुलिस चौकी के कार्यों का भौतिक निरीक्षण किया और कार्यदायी संस्था को गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निर्माण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चोपता में स्थायी पुलिस चौकी के अस्तित्व में आने से यात्रियों और स्थानीय निवासियों की सुरक्षा व सहायता में सुगमता होगी। उन्होंने चोपता में स्थानीय व्यापारियों से वार्ता करते हुए यात्रा सीजन में आने वाली चुनौतियों की जानकारी ली गई । वर्तमान में दुगलबिट्टा में अस्थायी रूप से संचालित पुलिस चौकी चोपता के निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने वहां तैनात पुलिस बल से मुलाकात की। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निम्नलिखित दिशा-निर्देश दिए –
• यात्रियों के साथ सौम्य और मर्यादित व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।
• यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि संवेदनशील मोड़ों पर जाम की स्थिति न बने।
• आकस्मिक स्थितियों के लिए त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र को सक्रिय रखा जाए।
उल्लेखनीय है कि तुंगनाथ घाटी न केवल धार्मिक पर्यटन का केंद्र है, बल्कि यह मार्ग बदरीनाथ और केदारनाथ धाम के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों के लिए भी एक महत्वपूर्ण कड़ी है। पुलिस अधीक्षक ने जोर दिया कि इस मार्ग पर आने वाले समय में यात्रियों के आवागमन को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी विकास पुण्डीर, यातायात निरीक्षक कैलाश चन्द्र शर्मा, एसएचओ ऊखीमठ मनोज नेगी सहित कोतवाली ऊखीमठ व चौकी चोपता का पुलिस बल उपस्थित रहा।















Leave a Reply