रूद्रप्रयाग | जनपद में पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु चलाए जा रहे ‘अभियान प्रहरी पड़ाव’ के अन्तर्गत आज ग्राम चुन्नी में एक रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशों के क्रम में आयोजित इस चौपाल की अध्यक्षता प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऊखीमठ मनोज नेगी द्वारा की गई ।
• जनसंवाद और समस्याओं का निस्तारण – रात्रि चौपाल में ग्राम चुन्नी के नवयुवक मंगल दल के सदस्यों, महिला मंगल दल एवं क्षेत्र के अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। प्रभारी निरीक्षक ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए गाँव की सुरक्षा, यातायात और अन्य स्थानीय समस्याओं पर चर्चा की। ग्रामीणों से उनके सुझाव मांगे गए और आश्वासन दिया गया कि पुलिस प्रशासन उनके द्वारा उठाई गई जायज समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु प्रतिबद्ध है।
• सामाजिक कुरीतियों और अपराधों के विरुद्ध जागरुकता – चौपाल के दौरान प्रभारी निरीक्षक ऊखीमठ द्वारा वर्तमान समय में बढ़ते अपराधों के प्रति ग्रामीणों को विस्तार से जागरुक किया गया।
• साइबर क्राइम से बचाव – ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी ओटीपी (OTP) और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें सतर्क किया गया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और ठगी होने पर तत्काल 1930 नम्बर पर सम्पर्क करें।
• नशा मुक्ति अभियान – ड्रग्स एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया गया। युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज को नशा मुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की गई।
• महिला सुरक्षा एवं जागरुकता – महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों के संबंध में जानकारी दी गई। ‘गुड टच-बैड टच’ और महिला सुरक्षा हेतु उपलब्ध हेल्पलाइन नम्बरों के बारे में बताया गया ताकि ग्रामीण महिलाएं बिना किसी झिझक के अपनी बात पुलिस तक पहुंचा सकें।
• सहयोग की अपील – प्रभारी निरीक्षक ने ग्राम प्रहरियों और नवयुवक मंगल दल से अपील की कि वे अपने क्षेत्र में होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अवैध शराब या मादक पदार्थों की बिक्री की सूचना तत्काल कोतवाली पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।
इस रात्रि चौपाल के सफल आयोजन से ग्रामीणों में सुरक्षा का भाव जागृत हुआ और उन्होंने पुलिस द्वारा की जा रही इस सामुदायिक पहल की सराहना की।
















Leave a Reply