पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी द्वारा कोतवाली गुप्तकाशी का किया गया अर्द्धवार्षिक निरीक्षण ।

रूद्रप्रयाग | ​जनपद में तैनात पुलिस बल की कार्य-दक्षता और संसाधनों की स्थिति का जायजा लेने हेतु पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी विकास पुण्डीर द्वारा कोतवाली गुप्तकाशी का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस बल के अनुशासन, शस्त्र संचालन और अभिलेखों के रख-रखाव का बारीकी से परीक्षण किया गया ।

• ​गार्द सलामी एवं टर्न-आउट का निरीक्षण – ​निरीक्षण के प्रारम्भ में पुलिस उपाधीक्षक द्वारा कोतवाली परिसर में व्यवस्थित गार्द की सलामी ली गई। उन्होंने उपस्थित पुलिस बल के टर्न-आउट (वर्दी व अनुशासन) का अवलोकन किया और कर्तव्यनिष्ठा के प्रति सजग रहने हेतु निर्देशित किया। इसके पश्चात उन्होंने सम्पूर्ण कोतवाली परिसर, कार्यालय, बैरक और भोजनालय का भ्रमण कर स्वच्छता व्यवस्था को परखा, जो संतोषजनक पाई गई।
• ​शस्त्र अभ्यास एवं आपदा उपकरणों का परीक्षण – ​कार्मिकों की तकनीकी दक्षता जांचने हेतु शस्त्राभ्यास कराया गया। पुलिस उपाधीक्षक ने स्वयं शस्त्रों की हैंडलिंग देख कार्मिकों को नियमित अभ्यास करने के निर्देश दिए। साथ ही, कोतवाली को आवंटित आपदा प्रबंधन उपकरणों का भौतिक सत्यापन कर उनके प्रभावी संचालन के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया हेतु कार्मिकों का व्यवहारिक रूप से प्रशिक्षित होना अनिवार्य है।
• ​अभिलेखों एवं डिजिटल कार्यों की समीक्षा – ​प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने मालखाना और लावारिस वाहनों के निस्तारण की स्थिति जांची। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन मामलों का निस्तारण हो चुका है, उनसे सम्बन्धित माल का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। सी.सी.टी.एन.एस. (CCTNS) पोर्टल और अन्य डिजिटल अभिलेखों की जांच करते हुए उन्होंने ऑनलाइन प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण करने पर बल दिया।
• ​महिला सुरक्षा एवं विवेचना निस्तारण – ​महिला सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता प्रदर्शित करते हुए उन्होंने महिला हेल्पलाइन डेस्क पर आने वाली फरियादियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनने और त्वरित न्याय दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही, विवेचकों को लम्बित मामलों के समयबद्ध निस्तारण हेतु निर्देशित किया गया ताकि पीड़ितों को न्याय मिलने में विलंब न हो।
• ​कार्मिक सम्मेलन एवं समस्याओं का निराकरण – ​निरीक्षण के अंत में पुलिस उपाधीक्षक द्वारा कोतवाली के समस्त कार्मिकों का सम्मेलन लिया गया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों की व्यक्तिगत और विभागीय समस्याओं को सुना और उनके निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने सभी को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, मेहनत और पारदर्शिता के साथ करने की प्रेरणा दी ।

​इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली गुप्तकाशी राकेश कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *