रिजर्व पुलिस लाइन रतूड़ा में शुक्रवार की परेड आयोजित, 140 पुलिस कार्मिकों ने किया ड्रिल व शस्त्राभ्यास ।

रूद्रप्रयाग | आज शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन रतूड़ा (रुद्रप्रयाग) में साप्ताहिक परेड का आयोजन किया गया। जनपद की पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर द्वारा परेड की सलामी ली गई और पुलिस बल के टर्नआउट व अनुशासन का बारीकी से निरीक्षण किया गया। परेड का शुभारम्भ शारीरिक दक्षता को बढ़ाने हेतु की गई हल्की दौड़ के साथ हुआ। इस दौरान स्वयं एसपी ने जवानों संग दौड़ लगाई । परेड के दौरान जवानों को अलग-अलग टोलियों में विभाजित कर अभ्यास कराया गया। इसमें टोलीवार ड्रिल, कदमताल और शस्त्रों को खोलने-जोड़ने सहित महत्वपूर्ण शस्त्राभ्यास का अभ्यास शामिल रहा। विभिन्न प्रकार की पुलिस कवायदों के माध्यम से जवानों की कार्यकुशलता और अनुशासन को परखा गया । इस अवसर पर विशेष रूप से वर्तमान में प्रशिक्षण ले रहे नये भर्ती रिक्रूट आरक्षियों के लिए सत्र आयोजित किया गया। एसपी ने युवा रिक्रूटों को संबोधित करते हुए उन्हें पुलिस सेवा की गरिमा समझाई और पूरे मनोयोग व रुचि के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस जीवन में सीखने की प्रक्रिया निरन्तर चलती रहती है, इसलिए बुनियादी प्रशिक्षण को पूरी गंभीरता से लें । परेड के दौरान पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग श्री विकास पुण्डीर, प्रतिसार निरीक्षक श्री कैलाश शर्मा सहित जनपद के समस्त कोतवाली, चौकी एवं पुलिस कार्यालय की शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे। परेड में 140 पुलिस कार्मिक उपस्थित रहे। परेड की समाप्ति के पश्चात पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस लाइन परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *