अभियान प्रहरी पड़ाव” के तहत कोतवाली गुप्तकाशी द्वारा ग्राम देवर में रात्रि चौपाल का आयोजन; ग्रामीणों को सुरक्षा एवं यात्रा व्यवस्थाओं के प्रति किया गया जागरुक ।

रूद्रप्रयाग | जनपद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “अभियान प्रहरी पड़ाव” के अन्तर्गत बीते रात्रि को ग्राम सभा देवर में एक रात्रि चौपाल आयोजित की गई। प्रभारी निरीक्षक गुप्तकाशी राकेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्राम प्रधान, युवक मंगल दल, महिला मंगल दल के सदस्यों सहित स्थानीय नागरिकों और ग्राम प्रहरियों ने प्रतिभाग किया। चौपाल के दौरान पुलिस टीम द्वारा ग्रामीणों और विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों से भेंट कर उनकी कुशलक्षेम जानी गई एवं सुरक्षा सम्बन्धी विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई । संवाद के दौरान पुलिस द्वारा स्थानीय निवासियों को बाहरी व्यक्तियों के अनिवार्य पुलिस सत्यापन के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। ग्रामीणों को अवगत कराया गया कि गांव में आने वाले किसी भी बाहरी व्यक्ति, किराएदार या श्रमिक का सत्यापन करवाना सुरक्षा की दृष्टि से अनिवार्य है, ताकि चोरी और डकैती जैसी आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। इसके साथ ही महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए गौरा शक्ति ऐप के उपयोग, घरेलू हिंसा के विरुद्ध कानूनी प्रावधानों और बाल विवाह जैसे सामाजिक अपराधों पर रोक लगाने हेतु टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी साझा की गई । साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस टीम ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्हें बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति की कॉल पर अपनी निजी जानकारी या ओटीपी साझा न करें। ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नम्बर 1930 पर सूचना देने के बारे में भी जागरुक किया गया। चौपाल के अंत में, केदारनाथ धाम यात्रा के दृष्टिगत क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए आगामी यात्रा काल के दौरान यातायात प्रबंधन और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को अपेक्षित सहयोग प्रदान करने की अपील की गई ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *