रुद्रप्रयाग | रुद्रप्रयाग | पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और पुलिस-जनता के बीच समन्वय स्थापित करने हेतु संचालित ”अभियान प्रहरी पड़ाव” सफलता के नए पड़ाव छू रहा है। इसी कड़ी में बीती रात्रि को रिपोर्टिंग पुलिस चौकी घोलतीर के प्रभारी जयवीर सिंह के नेतृत्व में ग्राम कोठगी में 29वीं रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया।
चौपाल के दौरान पुलिस टीम ने ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद स्थापित करते हुए स्पष्ट किया कि पुलिस जनता की सच्ची मित्र और सहायक है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना और पुलिस व जनता के मध्य व्याप्त दूरी को समाप्त कर एक विश्वासपूर्ण रिश्ता कायम करना रहा । संवाद के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को क्षेत्र में सक्रिय असामाजिक तत्वों और मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तत्काल और गोपनीय रूप से पुलिस को देने के लिए प्रोत्साहित किया। महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए पुलिस टीम द्वारा ‘गौरा शक्ति ऐप’ के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई, साथ ही महिला हेल्पलाइन नंबर, घरेलू हिंसा और बाल-विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथाओं के विरुद्ध बने कड़े कानूनी प्रावधानों पर भी गहन विचार-विमर्श किया गया । वर्तमान परिदृश्य में बढ़ते साइबर अपराधों (Cyber Crime) के प्रति जनता को सचेत करते हुए पुलिस ने सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की सलाह दी। इसके अतिरिक्त, ‘नशामुक्त देवभूमि’ अभियान के अंतर्गत युवाओं को नशे के प्राणघातक दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए ग्राम सुरक्षा में सक्रिय योगदान देने की अपील की गई । जनपद पुलिस का यह जन-जागरुकता अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि रुद्रप्रयाग को पूरी तरह से सुरक्षित और अपराध मुक्त बनाया जा सके ।
“अभियान प्रहरी पड़ाव” के तहत ग्राम कोठगी में आयोजित हुई 29वीं रात्रि चौपाल; पुलिस और जनता के बीच बढ़ेगा आपसी विश्वास ।















Leave a Reply