रुद्रप्रयाग | जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा जन-संवाद और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संचालित अभिनव पहल “अभियान प्रहरी पड़ाव” के अन्तर्गत गत दिवस की रात्रि को ग्राम किमाणा में रात्रि चौपाल एवं प्रवास कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रभारी निरीक्षक ऊखीमठ मनोज नेगी की अध्यक्षता में आयोजित इस चौपाल में ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं को प्रमुखता से रखा और पुलिस प्रशासन के साथ सुरक्षा सम्बन्धी विषयों पर विस्तृत चर्चा की। लगभग 970 की जनसंख्या और 120 परिवारों वाले इस गांव में पुलिस की इस पहल का ग्रामीणों ने स्वागत किया | चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने पूर्व में ऊखीमठ से किमाणा तक मोटर मार्ग के डामरीकरण कार्य पूर्ण होने पर संतोष व्यक्त किया, साथ ही वर्तमान में ग्राम किमाणा से ग्राम कन्था तक प्रस्तावित 5 किलोमीटर सड़क मार्ग की मांग को प्रमुखता से उठाया। इसके अतिरिक्त ग्रामीणों ने क्षेत्र में पेयजल की किल्लत और आवारा पशुओं द्वारा फसलों को पहुंचाए जा रहे नुकसान की समस्या से भी पुलिस और प्रशासन को अवगत कराया। ग्रामीणों ने मांग की कि भविष्य में भी गांव में समय-समय पर इस प्रकार के जागरुकता अभियान चलाए जाएं ताकि जनता और पुलिस के बीच समन्वय बना रहे ।
संवाद के दौरान प्रभारी निरीक्षक ने ग्रामीणों को वर्तमान में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति विशेष रूप से सतर्क किया। उन्होंने सोशल मीडिया के सुरक्षित प्रयोग और बैंकिंग धोखाधड़ी से बचने के उपाय साझा करते हुए बताया कि किसी भी प्रकार के वित्तीय फ्रॉड की स्थिति में तुरन्त पुलिस को सूचित करना अनिवार्य है। नशे के विरुद्ध अभियान पर चर्चा करते हुए उन्होंने ग्रामीणों से मादक पदार्थों की बिक्री और सेवन पर अंकुश लगाने में सहयोग की अपील की। इसके साथ ही बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन पर जोर देते हुए निर्देश दिए गए कि बिना पुलिस सत्यापन के किसी भी अज्ञात व्यक्ति को किराये पर या निवास हेतु स्थान न दें। चौपाल में गांव के अकेले रह रहे वृद्धजनों की सुरक्षा और उनके कुशलक्षेम की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने का भी आह्वान किया गया। पुलिस टीम ने उपस्थित ग्रामीणों को साइबर जागरुकता बुकलेट व पम्पलेट्स भी वितरित किए गए । इस अवसर पर ग्राम प्रधान श्रीमती सुलेखा त्रिवेदी, बीकेटीसी के प्रभारी अधिकारी युद्धवीर पुष्पवाण, टैक्सी यूनियन ऊखीमठ के अध्यक्ष अमित त्रिवेदी सहित भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे ।














Leave a Reply