रुद्रप्रयाग | रुद्रप्रयाग पुलिस और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से जनपद में पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर के निर्देशन में संचालित “अभियान प्रहरी पड़ाव” निरन्तर सफलता की ओर अग्रसर है। इसी क्रम में दुर्गाधार पुलिस चौकी के अन्तर्गत ग्राम सभा बोरा में अपर उप निरीक्षक देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया । *सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार-सामूहिक कार्यों में शराब पर पूर्ण पाबंदी का सुझाव -आयोजित हुई चौपाल के दौरान सामाजिक सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली। महिला मंगल दल की अध्यक्ष बबीता गुसाईं ने सुझाव दिया कि ग्राम सभा के भीतर होने वाले सभी सामूहिक व मांगलिक कार्यों में शराब परोसने पर पूर्ण पाबंदी लगनी चाहिए। इस पर चर्चा करते हुए निर्णय लिया गया कि जल्द ही ग्राम सभा की बैठक बुलाकर इस सम्बन्ध में एक औपचारिक प्रस्ताव पारित किया जाएगा, ताकि गांव में शान्ति व्यवस्था बनी रहे और युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखा जा सके। उपस्थित पुलिस टीम ने गांव की इस पहल का स्वागत किया गया तथा इस सम्बन्ध में पुलिस के स्तर से अपेक्षित सहयोग दिए जाने के प्रति आश्वस्त किया गया ।
*सुरक्षा एवं जागरुकता -* अपर उप निरीक्षक देवेंद्र सिंह ने ग्रामीणों को सुरक्षा के प्रति सजग करते हुए कहा कि गांव में किसी भी बाहरी व्यक्ति, फेरीवाले या संदिग्ध को कमरा किराए पर देने से पूर्व उसका पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं। महिला सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने ‘गौरा शक्ति ऐप’, घरेलू हिंसा और बाल विवाह जैसे अपराधों की जानकारी दी तथा आपातकालीन सहायता हेतु हेल्पलाइन नम्बर 1098 के प्रयोग के बारे में बताया। इसके साथ ही ग्रामीणों को बढ़ते साइबर अपराधों से आगाह करते हुए किसी को भी ओटीपी (OTP) साझा न करने और ऑनलाइन धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नम्बर 1930 पर सम्पर्क करने की सलाह दी गई। यातायात नियमों की चर्चा करते हुए पुलिस टीम ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें । जनता ने सराही पुलिस की पहल* – रात्रि चौपाल के दौरान पुलिस कर्मियों ने सभी ग्रामवासियों का कुशलक्षेम जाना, जिससे जनता में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा। पूर्व अध्यापक प्रेम कठैत ने पुलिस की इस सराहनीय पहल के लिए पूरी टीम का धन्यवाद ज्ञापित किया । उपस्थिति – इस अवसर पर पुलिस विभाग से हेड कांस्टेबल सुधीर सिंह नेगी, कांस्टेबल विकेश, ग्राम प्रहरी भुवनेश टम्टा, लखपत सिंह गुसाईं, वीरेंद्र गुसाईं, प्रधान प्रतिनिधि गोकुल टम्टा, सामाजिक कार्यकर्ता मानेंद्र कुमार, उदय गुसाईं, जगत गुसाईं, जगदीश गुसाईं, विनोद गुसाईं, धनपाल गुसाईं, सावित्री देवी, मीरा गुसाईं, तारा गुसाईं सहित भारी संख्या में मातृशक्ति व ग्रामीण मौजूद रहे ।














Leave a Reply