केदारनाथ यात्रा की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग ने ली समीक्षा बैठक; ऑपरेशन क्रैक डाउन में तेजी लाने के निर्देश।

रुद्रप्रयाग | आगामी केदारनाथ धाम यात्रा के सफल संचालन और जनपद की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आज पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग, सुश्री नीहारिका तोमर द्वारा जनपद के पुलिस उपाधीक्षकों एवं समस्त थाना प्रभारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। हाइब्रिड मोड (ऑनलाइन/ऑफलाइन) में आयोजित इस बैठक में यात्रा तैयारियों, सत्यापन अभियान और जन शिकायतों के निस्तारण पर मुख्य रूप से चर्चा की गई।

1. केदारनाथ यात्रा-2026 की पूर्व तैयारियाँ – आगामी 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के दृष्टिगत, यात्रा मार्ग पर तैनात होने वाले पुलिस बल की आवासीय व्यवस्थाओं की थाना/चौकी वार समीक्षा की गई। एसपी ने निर्देश दिए कि अतिरिक्त संसाधनों और आवास की आवश्यकताओं के सम्बन्ध में समय रहते जिला प्रशासन से पत्राचार किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्वयं भी क्षेत्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए तथा अवगत कराया कि आगामी दिनों में उनके द्वारा भी भ्रमण किया जायेगा।

2. ऑपरेशन क्रैक डाउन एवं बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन – सुरक्षा के दृष्टिगत जनपद में चलाए जा रहे ऑपरेशन क्रैक डाउन की समीक्षा करते हुए पाया कि अब तक 1058 बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया जा चुका है। सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि वे सत्यापित व्यक्तियों का डाटा सुरक्षित रखें। संदिग्धों की पहचान के लिए आईसीजेएस और नैटग्रिड जैसे पोर्टलों का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के निर्देश दिए गए ताकि किसी भी आपराधिक तत्व की पहचान तत्काल हो सके।

3. जन शिकायतों का त्वरित निस्तारण – सीएम हेल्पलाइन पोर्टल और जनपद स्तर पर प्राप्त होने वाली शिकायतों की समीक्षा करते हुए एसपी ने कड़े निर्देश दिए कि लंबित शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समयावधि के भीतर और गुणवत्तापरक ढंग से किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन समस्याओं की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस बैठक में पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग प्रबोध कुमार घिल्डियाल, पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी विकास पुण्डीर, प्रतिसार निरीक्षक, निरीक्षक पुलिस दूरसंचार एवं जनपद के समस्त कोतवाली प्रभारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *