रुद्रप्रयाग | पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर द्वारा कोतवाली रुद्रप्रयाग का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करना, सरकारी सम्पत्ति का रख-रखाव सुनिश्चित करना और पुलिस कार्मिकों की कार्यक्षमता व मनोबल को बढ़ाना रहा ।
• परिसर एवं व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण – कोतवाली पहुंचने पर पुलिस अधीक्षक ने सर्वप्रथम सलामी गार्द का अभिवादन स्वीकार किया। इसके उपरान्त उन्होंने कोतवाली परिसर, कार्यालय, सी.सी.टी.एन.एस. (CCTNS) कक्ष, महिला हेल्प डेस्क, हवालात, भोजनालय (मैस) एवं बैरकों का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भोजनालय की साफ-सफाई सही पायी गयी। वहीं आगामी यात्रा सीजन को देखते हुए बैरकों की रंगाई-पुताई, सीलन का ट्रीटमेंट और कार्यालयों में पर्याप्त वेंटिलेशन सुनिश्चित करने के निर्देश निर्माण कार्यों हेतु दिए गए।
• शस्त्र अभ्यास एवं आपदा उपकरणों की समीक्षा – पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली को आवंटित शस्त्रों के रख-रखाव की जांच की और उपस्थित कार्मिकों से शस्त्रों की हैंडलिंग (खोलना-जोड़ना) करवाकर उनकी दक्षता को परखा। साथ ही, आपदा प्रबन्धन उपकरणों का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक कार्मिक को इन उपकरणों के संचालन की पूर्ण जानकारी होनी चाहिए ताकि आपात स्थिति में त्वरित रिस्पांस दिया जा सके।
• क्राइम सीन इन्वेस्टिगेशन एवं अभिलेखों का रखरखाव – विवेचना की गुणवत्ता सुधारने हेतु मालखाने में रखे क्राइम किट बॉक्स के माध्यम से डमी क्राइम सीन क्रिएट करने और फिंगरप्रिंट लेने के संबंध में उपनिरीक्षकों को निर्देशित किया गया। इसके अतिरिक्त, सभी रिकॉर्ड्स और रजिस्टरों को अद्यावधिक (Up-to-date) रखने तथा यही व्यवस्था सभी पुलिस चौकियों में भी लागू करने के निर्देश दिए गए। कोतवाली के लम्बित मालों का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
• कार्मिक सम्मेलन और यात्रा के लिए प्रोत्साहन – निरीक्षण के पश्चात आयोजित कार्मिक सम्मेलन में पुलिस अधीक्षक ने सभी कर्मचारियों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं पूछीं। किसी भी कार्मिक द्वारा कोई समस्या संज्ञान में नहीं लाई गई। महोदया ने आगामी श्री केदारनाथ यात्रा के दृष्टिगत सभी को मानसिक और शारीरिक रूप से तैयार रहने के निर्देश दिए। विगत यात्रा ड्यूटी में तैनात रहे कार्मिकों से उनके अनुभव और सुधार हेतु सुझाव भी लिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस प्रशासन सभी कार्मिकों के कल्याण हेतु निरन्तर कार्य कर रहा है और बदले में सभी से कर्तव्यों के निष्ठापूर्वक निर्वहन की अपेक्षा है ।
• महिला हेल्प डेस्क एवं विवेचना निस्तारण – महिला हेल्प डेस्क पर नियुक्त कार्मिकों को निर्देशित किया गया कि थाने आने वाले आगंतुकों के साथ सौम्य व्यवहार करें और शिकायतों को तत्काल उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाएं। साथ ही, सभी विवेचकों की लम्बित विवेचनाओं की समीक्षा कर उन्हें समयबद्ध और गुण-दोष के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। सभी चौकी प्रभारियों व उपनिरीक्षकों को प्रभावी निरोधात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए । उपस्थिति – इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग प्रबोध कुमार घिल्डियाल, प्रभारी निरीक्षक सुरेश चन्द्र बलूनी, वाचक पुलिस अधीक्षक ठाकुर सिंह रावत, वरिष्ठ उपनिरीक्षक कुलदीप पंत, चौकी प्रभारी जखोली महेश रावत, प्रभारी आशुलिपिक नरेन्द्र सिंह सहित कोतवाली का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा ।














Leave a Reply