रुद्रप्रयाग | पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में जनपद में पर्यटन सीजन व यात्रियों की सुविधा के दृष्टिगत चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, आज प्रभारी निरीक्षक ऊखीमठ श्री मनोज नेगी द्वारा पुलिस चौकी चोपता (ऊखीमठ) में स्थानीय होटल, रेस्टोरेंट व कैंप संचालकों के साथ एक आवश्यक बैठक ली गई ।
बैठक के मुख्य बिंदु एवं निर्देश-
• मर्यादित आचरण और शालीनता: प्रभारी निरीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी संचालक व उनका स्टाफ पर्यटकों के साथ ‘अतिथि देवो भव:’ की भावना रखते हुए शालीनता से पेश आएं। किसी भी दशा में अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज या मारपीट बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
• विवाद की स्थिति में पुलिस को सूचना: यदि कोई पर्यटक विवाद या झगड़ा करता है, तो कानून हाथ में लेने के बजाय तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित करें।
• नशा मुक्ति व ओवर रेटिंग पर रोक: होटल या कैंप के खुले स्थानों पर शराब पिलाना वर्जित है। किसी भी प्रकार की नशीली वस्तु की बिक्री न करें और पर्यटकों से सेवाओं के नाम पर ओवर रेटिंग (अतिरिक्त वसूली) न की जाए।
• सुरक्षा व सत्यापन: होटल में रुकने वाले प्रत्येक व्यक्ति की आईडी अनिवार्य रूप से ली जाए। साथ ही, संस्थान में काम करने वाले बाहरी नौकरों व स्टाफ का पुलिस सत्यापन (Verification) कराना अनिवार्य है।
• यातायात व्यवस्था: पर्यटकों के वाहनों को इस प्रकार पार्क करवाया जाए जिससे मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
• साइबर अपराध के प्रति जागरुकता – गोष्ठी के दौरान उपस्थित लोगों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरुक किया गया। उन्हें अनजान लिंक पर क्लिक न करने और किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचित करने की जानकारी दी गई।
• पुलिस कर्मियों को निर्देश – प्रभारी निरीक्षक द्वारा चौकी चोपता के समस्त कर्मचारियों की भी पृथक से मीटिंग लेकर निम्नानुसार निर्देश दिए गए-
• नशे पर प्रहार: क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाने तथा पकड़-धकड़ में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
• मुखबिर तंत्र का सुदृढ़ीकरण: नशा तस्करों और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नज़र रखने के लिए अपने-अपने क्षेत्रों में मुखबिर तंत्र (Informer Network) को सक्रिय करने को कहा गया।
• ड्यूटी में अनुशासन: सभी कर्मचारियों को हिदायत दी गई कि यात्रियों व स्थानीय जनता के साथ ‘दृढ़ता एवं विनम्रता’ का संतुलन बनाए रखते हुए अपनी ड्यूटी का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।














Leave a Reply