रुद्रप्रयाग | पुलिस महानिदेशक, उत्तराखण्ड के मार्गदर्शन और पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर के सख्त निर्देशों के अनुपालन में जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में ‘ऑपरेशन क्रैकडाउन’ के तहत एक वृहद और सघन सत्यापन अभियान युद्धस्तर पर जारी है। एक माह तक चलने वाले इस विशेष अभियान के प्रथम दिवस ही जनपद पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए कुल 97 बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन पूर्ण किया है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य देवभूमि में महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और स्थानीय निवासियों की सुरक्षा को अभेद्य बनाना तथा आपराधिक पृष्ठभूमि छिपाकर रह रहे संदिग्धों व असामाजिक तत्वों पर नकेल कसना है। अभियान को पूर्णतः सफल बनाने हेतु जनपद की जिला पुलिस, स्थानीय अभिसूचना इकाई (LIU) और एसओजी (SOG) की संयुक्त टीमें प्रत्येक थाना स्तर पर फील्ड में सक्रिय हैं, जिनका नेतृत्व संबंधित सर्किल के क्षेत्राधिकारियों द्वारा किया जा रहा है । सत्यापन की इस प्रक्रिया के तहत जनपद के सभी फैक्ट्रियों, धर्मशालाओं, आश्रमों, होटलों, गेस्ट हाउसों, होम-स्टे, हॉस्टलों और पेइंग गेस्ट हाउसों का विस्तृत रिकॉर्ड तैयार कर बाहरी प्रदेशों से आए व्यक्तियों का विवरण संकलित किया जा रहा है। इसके साथ ही निजी व सार्वजनिक निकायों, शिक्षण संस्थानों में कार्यरत श्रमिकों, रेहड़ी-ठेली संचालकों और किराए पर रहने वाले छात्र-छात्राओं का भी गहन सत्यापन किया जा रहा है। एकत्र किए गए डाटा के विश्लेषण हेतु पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी के नेतृत्व में विशेष टीमें तैनात की गई हैं, जो विभिन्न पोर्टलों के माध्यम से रिकॉर्ड का मिलान कर रही हैं। संदिग्ध पाए जाने वाले व्यक्तियों को सर्विलांस पर रखकर उनकी गतिविधियों की निरंतर निगरानी की जा रही है। उक्त सत्यापन अभियान को आगामी केदारनाथ धाम यात्रा के दृष्टिगत और अधिक प्रभावी ढंग से किया जा रहा है । अभियान का मुख्य उद्देश्य – प्रदेश में महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं स्थानीय निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है तथा किसी भी आपराधिक अथवा असामाजिक तत्व को समाज में नुकसान पहुंचाने से रोकना है । एसपी रुद्रप्रयाग ने सत्यापन में लगी टीमों को स्पष्ट तौर पर निर्देशित किया गया है कि प्रचलित अभियान के दौरान किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए ।
ऑपरेशन क्रैकडाउन के तहत अब तक रुद्रप्रयाग पुलिस ने किये हैं 97 बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन एसपी रुद्रप्रयाग के निर्देशों पर जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में चल रहा, वृहद सत्यापन अभियान।















Leave a Reply