रुद्रप्रयाग | पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के क्रम में आज राजकीय इंटर कॉलेज, मयाली में पुलिस आपके द्वार अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण जन-जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में चौकी प्रभारी जखोली, उप निरीक्षक महेश रावत और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रुद्रप्रयाग की टीम ने संयुक्त रूप से छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों को विभिन्न सामाजिक बुराइयों और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरुक किया। कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के तरीके साझा किए गए। साथ ही, महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों से संबंधित कानूनी जानकारी प्रदान करते हुए उन्हें समाज में सुरक्षित महसूस कराने हेतु पुलिस की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से बताया गया । जागरुकता अभियान के अगले चरण में टीम ने युवाओं को ड्रग्स और नशे के घातक दुष्प्रभावों के बारे में चेतावनी दी और उन्हें स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। इसके अतिरिक्त, यातायात नियमों के पालन की अनिवार्यता पर जोर देते हुए सड़क दुर्घटनाओं को रोकने हेतु महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई, जिसमें साइबर क्राइम हेतु 1930, आपातकालीन प्रतिक्रिया हेतु 112 और चाइल्ड हेल्पलाइन हेतु 1098 डायल करने के बारे में विस्तृत विवरण दिया गया। इस ज्ञानवर्धक सत्र के अंत में विद्यालय परिवार और अभिभावकों ने पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना की और सभी विशेषज्ञों का हृदय से आभार व धन्यवाद ज्ञापित किया ।
राजकीय इंटर कॉलेज मयाली में पुलिस आपके द्वार अभियान के तहत जागरुकता कार्यक्रम आयोजित ।















Leave a Reply