झूलाघाट पुलिस द्वारा ठंड के मौसम में सड़क सुरक्षा और जागरूकता अभियान |

पिथौरागढ़ | वर्तमान समय में अत्यधिक ठंड के कारण सड़कों पर पाला गिरने से वाहन फिसलने और दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ गई है। इसी संदर्भ में झूलाघाट थाना की थानाध्यक्ष आरती द्वारा आज स्थानीय निवासियों और टैक्सी चालकों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन के बारे में जागरूक किया गया । थानाध्यक्ष आरती ने वाहन चालकों और यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि पाला ग्रस्त स्थानों पर सतर्कता से यात्रा करें और अत्यधिक ओवरलोडिंग और ओवरस्पीडिंग से बचें। उन्होंने यातायात नियमों का पालन करने के महत्व को भी रेखांकित किया, ताकि सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सके । इसके साथ ही, उन्होंने स्थानीय लोगों को नशे के दुष्प्रभावों और साइबर अपराधों के बारे में भी जागरूक किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि नशे से संबंधित अपराधों और साइबर अपराधों की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे निपटने के लिए नागरिकों को सतर्क और जागरूक रहना अत्यंत आवश्यक है । इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों और टैक्सी चालकों ने इस जागरूकता अभियान को सराहा और थाना प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। थानाध्यक्ष ने सभी से आग्रह किया कि वे इन महत्वपूर्ण संदेशों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *