पिथौरागढ़ पुलिस कप्तान ने थाना डीडीहाट का वार्षिक निरीक्षण एवं सीएलजी गोष्ठी का आयोजन |

पिथौरागढ़ | पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़, रेखा यादव द्वारा थाना डीडीहाट का वार्षिक निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण के दौरान थानाध्यक्ष डीडीहाट, सुरेश कम्बोज, सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे । निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाने के मालखाना, थाना कार्यालय, आर्म्स-एम्युनेशन, आपदा उपकरण, अभिलेख, सी.सी.टी.एन.एस., थाना भोजनालय, बैरक तथा थाना परिसर की साफ-सफाई का निरीक्षण किया। महोदया ने थानाध्यक्ष को निर्देशित किया कि परिसर में नियमित रूप से सफाई सुनिश्चित की जाए तथा खराब भवन, दीवारें, फर्नीचर आदि की मरम्मत समय पर की जाए। साथ ही लंबित विवेचनाओं, जांचों और सीज किए गए वाहनों का शीघ्र निस्तारण कर नीलामी की कार्यवाही नियमानुसार की जाए । निरीक्षण के बाद पुलिस अधीक्षक ने समस्त अधिकारी व कर्मचारी गणों का सम्मेलन आयोजित किया, जिसमें विभागीय व पारिवारिक समस्याओं की जानकारी ली गई और त्वरित समाधान का आश्वासन दिया गया। सभी अधिकारी व कर्मचारीगणों को कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने कार्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए । आगामी त्यौहारों के मद्देनजर, पुलिस अधीक्षक ने थाना क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाने, नशे के अवैध कारोबारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने और आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही किरायेदारों, फड़-फेरी वालों, बाहरी व्यक्तियों का शत प्रतिशत सत्यापन करने पर भी बल दिया । इसके उपरांत थाना क्षेत्र में निवासरत सीएलजी सदस्यों, व्यापार मण्डल पदाधिकारियों, टैक्सी यूनियन, भूतपूर्व सैनिक, सेवानिवृत पुलिस पेन्सनर और सम्मानित व्यक्तियों के साथ एक गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में उपस्थित लोगों ने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं और सुझावों को साझा किया। विशेष रूप से गश्त बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्रों में एक्टिव ग्राम प्रहरियों की नियुक्ति की मांग की गई, जिस पर पुलिस अधीक्षक महोदया ने त्वरित समाधान और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *