पौड़ी | वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार की अध्यक्षता में पुलिस लाइन पौड़ी में माह फरवरी की मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में जनपद की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, सार्वजनिक सुरक्षा तथा प्रभावी पुलिसिंग के विभिन्न आयामों पर गहन समीक्षा की गई। इस गोष्ठी के दौरान जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे। गोष्ठी के दौरान SSP पौड़ी द्वारा थानावार अपराध विश्लेषण के आधार पर प्रगति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए गए कि लंबित विवेचनाओं का शीघ्र, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा गिरफ्तारी प्रतिशत में ठोस वृद्धि लाई जाए। उन्होंने विशेष रूप से महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता, त्वरित कार्रवाई और पीड़ित-केंद्रित दृष्टिकोण अपनाने पर जोर दिया
।
📌 *साइबर धोखाधड़ी पर सख्त एक्शन—त्वरित, तकनीक-आधारित एवं समन्वित कार्यवाही के स्पष्ट निर्देश।*
साइबर संबंधी अपराधों को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारियों एवं साइबर सेल को निर्देशित किया गया है कि साइबर धोखाधड़ी मामलों में तत्काल, प्रभावी एवं तकनीक-आधारित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। थानों पर प्राप्त साइबर संबंधी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित परीक्षण कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाए, साथ ही निर्देशित किया गया कि प्रत्येक मामले में डिजिटल साक्ष्यों का त्वरित संकलन करते हुए बैंक खातों का विश्लेषण, मोबाइल नंबर/आईपी एड्रेस की जांच तथा संदिग्ध लेन-देन की गहन पड़ताल की जाए। संबंधित बैंकों, साइबर एजेंसियों एवं अन्य प्लेटफॉर्म्स के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित कर पीड़ित की धनराशि को यथाशीघ्र होल्ड/फ्रीज कराना सुनिश्चित किया जाए, ताकि आर्थिक नुकसान को न्यूनतम किया जा सके। इसके अतिरिक्त, मामलों में संलिप्त अभियुक्तों की शीघ्र पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई एवं गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही “समन्वय पोर्टल” का भी प्रभावी उपयोग कर इसमें कार्यवाही की जाए।
🔹 *नशा उन्मूलन अभियान हेतु प्रभावी दिशा-निर्देश*
जनपद को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से नशा उन्मूलन अभियान को केवल औपचारिक कार्रवाई तक सीमित न रखते हुए समग्र, सुदृढ़ एवं परिणाममुखी रणनीति के तहत संचालित किया जाए। इसके अंतर्गत नशे के विरुद्ध सख्त प्रवर्तन, प्रभावी रोकथाम एवं व्यापक जनजागरूकता तीनों स्तरों पर संतुलित एवं समन्वित रूप से कार्य करना सुनिश्चित किया जाए। नशा तस्करों के विरुद्ध कार्यवाही करते समय केवल छोटे सप्लायरों तक सीमित न रहकर पूरी सप्लाई चेन (स्रोत से वितरण नेटवर्क तक) को चिन्हित कर उससे संबंधित मुख्य सप्लायर, ट्रांसपोर्टर, फाइनेंसर एवं स्थानीय सहयोगियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए। इसके अतिरिक्त, जनपद के ऐसे क्षेत्रों/स्थानों को चिन्हित किया जाए जहाँ नशे का प्रचलन अधिक है। इन ड्रग्स हॉटस्पॉट्स पर नियमित चेकिंग, सघन गश्त एवं औचक निरीक्षण कर निरंतर दबाव बनाए रखा जाए, जिससे नशे के अवैध व्यापार पर प्रभावी अंकुश स्थापित किया जा सके।
👩👧 *महिला एवं बाल अपराधों पर जीरो टॉलरेंस—गुमशुदा अभियान को और अधिक प्रभावी एवं परिणाममुखी बनाने के निर्देश*
जनपद में महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित अपराधों को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए “शून्य सहनशीलता (Zero Tolerance)” की नीति अपनाने के निर्देश दिए गए हैं। समस्त थाना प्रभारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया है कि ऐसे किसी भी प्रकरण में तत्काल एफआईआर पंजीकरण, त्वरित कार्रवाई एवं समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित की जाए तथा पीड़ितों के प्रति संवेदनशील एवं उत्तरदायी व्यवहार रखा जाए।
गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश हेतु संचालित अभियान को और अधिक सक्रिय, तकनीक-आधारित एवं परिणाममुखी बनाते हुए प्रत्येक मामले में तत्काल रिस्पॉन्स अनिवार्य किया गया है। गुमशुदा व्यक्तियों की शीघ्र बरामदगी हेतु सीसीटीवी फुटेज विश्लेषण, सर्विलांस, डिजिटल ट्रैकिंग एवं सोशल मीडिया मॉनिटरिंग का प्रभावी उपयोग किया जाए, साथ ही आवश्यकतानुसार इंटर-जनपदीय एवं अंतरराज्यीय समन्वय स्थापित कर खोज अभियान को गति दी जाए।
🚨 *ड्रंक एंड ड्राइव पर प्रभावी कार्यवाही न करने पर संबंधित थाना प्रभारियों को लगाई फटकार।*
जनपद में ड्रंक एंड ड्राइव के विरुद्ध अपेक्षित स्तर पर कार्रवाई न करने पर संबंधित थाना प्रभारियों को फटकार लगाई गई। एसएसपी पौड़ी द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सड़क सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि ओवरस्पीडिंग, ड्रंक-एंड-ड्राइव, स्टंटबाजी एवं ओवरलोडिंग के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाकर प्रभावी चालानी कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती से कार्रवाई की जाए। साथ ही, ऐसे अभियानों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी।
👮*कानून व्यवस्था सुदृढ़ीकरण हेतु रणनीतिक एवं सक्रिय पुलिसिंग के दिये निर्देश*
जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाए रखने के लिए सभी थाना प्रभारियों एवं संबंधित अधिकारियों को रणनीतिक एवं सार्थक कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। संवेदनशील, भीड़भाड़ वाले एवं अपराध संभावित क्षेत्रों में नियमित एवं सघन गश्त बढ़ाई जाए, ताकि असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके। फरार एवं वांछित अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु विशेष टीमों का गठन कर लक्ष्य आधारित कार्रवाई की जाए तथा लंबित गिरफ्तारी वारंटों के निष्पादन में तेजी लाई जाए। अभिसूचना तंत्र को और अधिक मजबूत करते हुए संभावित घटनाओं की पूर्व सूचना संकलन, स्थानीय स्रोतों के सक्रिय उपयोग एवं तकनीकी निगरानी को प्राथमिकता दी जाए, जिससे किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम समय रहते की जा सके।
📌 *नवरात्रि एवं ईद के दृष्टिगत कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था हेतु विशेष निर्देश*
वर्तमान में चल रहे नवरात्रि पर्व एवं आगामी ईद को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु समस्त थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्र में संभ्रांत व्यक्तियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित कर आपसी संवाद एवं सहयोग को सुदृढ़ करें। साथ ही, पर्व अवधि के दौरान सभी अधिकारी स्वयं फील्ड में सक्रिय रहकर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु सतत निगरानी रखें। भीड़-भाड़ वाले स्थानों, धार्मिक स्थलों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतते हुए नियमित गश्त, चेकिंग सुनिश्चित किया जाए।
📌 *चारधाम यात्रा सीजन-2026 के दृष्टिगत व्यापक दिशा-निर्देश—सुरक्षा, सुव्यवस्था एवं श्रद्धालु सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता।*
आगामी चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने हेतु सभी संबंधित अधिकारियों को बहुआयामी एवं ठोस कार्ययोजना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। यात्रा मार्गों पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण एवं पार्किंग व्यवस्था को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। सभी संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन एवं अन्य आधुनिक तकनीकी संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर सतत निगरानी रखी जाए। यात्रा मार्गों पर रूट डायवर्जन प्लान, ट्रैफिक होल्डिंग एरिया एवं पार्किंग मैनेजमेंट को पूर्व से ही सुव्यवस्थित किया जाए, जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
जनवरी माह में जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 15 पुलिस कार्मिकों (उपनिरीक्षक हेमकांत सेमवाल,उपनिरीक्षक नवीन पुरोहित, अपर उपनिरीक मनोज रमोला, मुख्य आरक्षी सुमन लाल, मुख्य आरक्षी उत्तम सिहं, मुख्य आरक्षी रविन्द्र भोज, मुख्य आरक्षी टीपी शेर सिंह, मुख्य आरक्षी दूरसंचार सचिन नेगी, आरक्षी कपिल कुमार, आरक्षी नवाब हैदर, आरक्षी राजेश स्वामी, आरक्षी चन्द्रपाल, फायर मैन भूपेश धामी, होमगार्ड कुलदीप, होमगार्ड दिवाकर) को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही अन्य अधिकारी/कर्मचारियों को भी निर्देशित किया कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सक्रियता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने हेतु पूर्ण मनोयोग से कार्य करें। उक्त गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज ठाकुर, अपर पुलिस अधीक्षक संचार अनूप काला, अभियोजन अधिकारी राजीव डोभाल, क्षेत्राधिकारी श्रीनगर अनुज कुमार ,क्षेत्राधिकारी कोटद्वार निहारिका सेमवाल, सीएफओ राजेंद्र खाती सहित समस्त थाना एवं शाखा प्रभारी मौजूद रहे।
















Leave a Reply