एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार द्वारा किया गया रिजर्व पुलिस लाईन पौड़ी का वार्षिक निरीक्षण लाइन परिसर की प्रत्येक शाखा का मूल्यांकन कर बेहतर व्यवस्था, अनुशासन व कार्य संचालन के दिये गये निर्देश ।

पौड़ी | वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन पौड़ी का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस बल की कार्यकुशलता, अनुशासन, संसाधनों की उपलब्धता तथा व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का गहन परीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में शस्त्रागार का बारीकी से निरीक्षण किया गया। शस्त्रों की स्थिति, रख-रखाव, साफ-सफाई एवं अभिलेखों का मिलान कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने हेतु उपलब्ध दंगा नियंत्रण उपकरण, सुरक्षा सामग्री एवं अन्य संसाधनों की कार्यक्षमता को भी परखा गया । पुलिस लाइन परिसर में बैरकों, भोजनालय, स्टोर, वाहन शाखा, क्वार्टर गार्द तथा अन्य शाखाओं का भी निरीक्षण किया गया। जवानों के आवासीय परिसर की स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए गए। भोजनालय में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, साफ-सफाई एवं मेस प्रबंधन की भी जांच की गई। लाइन परिसर में सरकारी वाहनों की स्थिति, रख-रखाव एवं लॉग बुक का निरीक्षण करते हुए यह सुनिश्चित किया गया कि सभी सरकारी वाहन पूर्ण रूप से क्रियाशील अवस्था में रखा जाए एवं नियमित सर्विसिंग और समय पर मरम्मत के निर्देश दिए गए । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा कार्यालयों में अभिलेखों का निरीक्षण करते हुए रख-रखाव में शुद्धता एवं अद्यतन प्रविष्टियों पर विशेष बल दिया गया। साथ ही स्पष्ट किया कि दस्तावेजों की सटीकता और पारदर्शिता किसी भी संगठन की कार्यप्रणाली का आधार होती है। लंबित प्रविष्टियों को शीघ्र पूर्ण करने और रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने हेतु संबंधित शाखा प्रभारियों को निर्देशित किया गया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *