एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार द्वारा किया गया थाना लक्ष्मणझूला का वार्षिक निरीक्षण अभिलेख प्रबंधन, शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण, सशक्त बीट पुलिसिंग एवं महिला सुरक्षा पर विशेष जोर |

पौड़ी | वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार द्वारा थाना लक्ष्मणझूला का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना कार्यप्रणाली, अभिलेखों का रखरखाव, कानून-व्यवस्था की स्थिति तथा जनसेवा से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। महोदय द्वारा सर्वप्रथम सलामी गार्द का अभिवादन स्वीकार करते हुए गार्द का निरीक्षण किया गया। तत्पश्चात थाना परिसर, मालखाना, हवालात, शस्त्रागार, बैरक, भोजनालय, महिला हेल्प डेस्क, आगन्तुक कक्ष तथा अन्य शाखाओं का क्रमबद्ध निरीक्षण किया गया ।

अभिलेखों एवं रजिस्टरों का गहन निरीक्षण
थाना कार्यालय के निरीक्षण के दौरान समस्त अभिलेखों एवं रजिस्टरों का सूक्ष्म एवं विस्तृत परीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों के संधारण, प्रविष्टियों की अद्यतन स्थिति तथा अभिलेख प्रबंधन प्रणाली की गुणवत्ता का अवलोकन किया गया। कार्यालय स्टाफ को निर्देशित किया गया कि सभी रजिस्टर एवं अभिलेख सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं समयानुसार अद्यावधिक रखे जाएं, जिससे किसी भी प्रकार की जानकारी आवश्यकतानुसार त्वरित रूप से उपलब्ध कराई जा सके।

डिजिटल प्लेटफॉर्म एवं ऑनलाइन सेवाएं
निरीक्षण के दौरान CCTNS पोर्टल, CM हेल्पलाइन तथा अन्य ऑनलाइन जनसेवा पोर्टलों पर दर्ज प्रविष्टियों की बारीकी से समीक्षा की गई। लम्बित प्रार्थना पत्रों एवं शिकायतों के शीघ्र, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु प्रभारी निरीक्षक एवं संबंधित कार्यालय कार्मिकों को स्पष्ट एवं सख्त निर्देश दिए गए।

फरियादियों की शिकायतों के प्रति संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश
थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी/शिकायतकर्ता की समस्या को पूर्ण प्राथमिकता, संवेदनशीलता एवं सम्मान के साथ सुना जाए। प्रत्येक शिकायतकर्ता का विस्तृत विवरण—नाम, पता, संपर्क नंबर, शिकायत का प्रकार एवं संबंधित तथ्य—रजिस्टर में विधिवत एवं स्पष्ट रूप से अंकित किया जाना, साथ ही शिकायत निस्तारण की पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु एक पृथक “फीडबैक कॉलम” तैयार कर शिकायतकर्ता की संतुष्टि का विधिवत अभिलेखीकरण करने के निर्देश दिए गए, जिससे जनविश्वास और अधिक सुदृढ़ हो सके।

महिला सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति संवेदनशील एवं सक्रिय पुलिसिंग के निर्देश
महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महिला संबंधी शिकायतों को गंभीरता, गोपनीयता एवं पूर्ण संवेदनशीलता के साथ दर्ज किया जाए तथा त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। महिला हेल्प डेस्क को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाए रखने, शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण तथा पीड़िताओं को आवश्यक कानूनी सहायता, परामर्श एवं सुरक्षा उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया।

कार्मिक सम्मेलन एवं अनुशासन संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश
थाना निरीक्षण उपरांत समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों का सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें विभागीय कार्यप्रणाली, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा पर विस्तार से चर्चा की गई। सम्मेलन के दौरान उपस्थित कार्मिकों की व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं की जानकारी प्राप्त कर उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बीट पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक सक्रिय एवं परिणामदायी बनाया जाए। बीट अधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में नियमित भ्रमण कर स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियों के साथ सतत संवाद स्थापित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *