महाशिवरात्रि एवं शारदीय कांवड़ यात्रा को लेकर क्षेत्राधिकारी श्रीनगर द्वारा किया गया नीलकंठ यात्रा मार्ग का निरीक्षण सुगम एवं सुरक्षित यात्रा के आयोजन हेतु मंदिर समिति व व्यापार संघ के साथ की गई समन्वय बैठक ।

श्रीनगर | आगामी महाशिवरात्रि एवं शारदीय कांवड़ यात्रा के दौरान नीलकंठ महादेव मंदिर में श्रद्धालु सड़क एवं पैदल मार्ग से जलाभिषेक एवं दर्शन हेतु बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी श्रीनगर अनुज कुमार द्वारा गरूड़ चट्टी से नीलकंठ महादेव मंदिर तक कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया गया । निरीक्षण के दौरान नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर सहित संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों, पार्किंग स्थलों, बैरिकेडिंग व्यवस्था तथा डायवर्जन प्वाइंट्स का निरीक्षण किया गया। प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मणझूला को निर्देशित किया गया कि पार्किंग व्यवस्था सुव्यवस्थित एवं चरणबद्ध रूप से संचालित की जाए। यात्रा मार्ग के संकरे एवं क्षतिग्रस्त हिस्सों पर संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक मरम्मत कार्य एवं सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही यात्रा अवधि में लाउडहेलर/सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से श्रद्धालुओं को निर्धारित मार्गों की जानकारी देने, भीड़ को नियंत्रित रूप से उनके गंतव्य तक भेजने तथा “खोया-पाया केंद्र” को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए । इसी क्रम में थाना लक्ष्मणझूला में मंदिर समिति, टैक्सी यूनियन, व्यापार संघ एवं गणमान्य व्यक्तियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा के दौरान भीड़ प्रबंधन एवं यातायात व्यवस्था में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई। व्यापारियों को अतिक्रमण न करने एवं सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने, तथा टैक्सी यूनियन को वाहनों को निर्धारित पार्किंग में खड़ा करने, ओवरलोडिंग से बचने एवं यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को देने एवं अफवाहों से दूर रहने कहा गया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *