गंगा में डूबे युवक की तलाश जारी पुलिस,एसडीआरएफ व जल पुलिस द्वारा की जा रही लगातार सर्चिंग ।

पौड़ी | सायं थाना लक्ष्मणझूला पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि मस्तराम घाट पर कुछ युवक गंगा नदी में स्नान कर रहे थे, जिनमें से एक युवक नदी में डूब गया है। सूचना मिलते ही थाना लक्ष्मणझूला पुलिस की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई तथा एसडीआरएफ व जल स्क्वाड टीम को भी अलर्ट किया गया। पुलिस व रेस्क्यू टीमों ने घटनास्थल पर पहुँचकर त्वरित कार्यवाही करते हुए राहत कार्य प्रारंभ किया । प्राथमिक जांच में ज्ञात हुआ कि महर्षि मार्कण्ड यूनिवर्सिटी, अंबाला (हरियाणा) के कुछ युवक ऋषिकेश घूमने आए थे। दिन में राफ्टिंग गतिविधि पूर्ण करने के पश्चात वे मस्तराम घाट पर पहुंचे, जहाँ नहाते समय कुणाल वर्मा, निवासी–जीरकपुर, चंडीगढ़ नदी में डूब गया। पुलिस टीम द्वारा जल पुलिस स्क्वाड एवं एसडीआरएफ गोताखोरों के साथ तुरंत संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन प्रारंभ किया गया जिसमें कल से लेकर अभी तक डीप डाइविंग के माध्यम से युवक की लगातार खोजबीन की जा रही है।

पौड़ी पुलिस की अपील:

लगातार पुलिस टीम द्वारा लोगों को जागरूक किये जाने के बावजूद, कुछ लोगों की लापरवाही और असावधानी के कारण ऐसे दुर्घटनाएँ सामने आ रही हैं। गंगा नदी का जल भले ही शांत दिखता हो लेकिन उसकी धाराएं बेहद तेज़ और खतरनाक भी हैं।
कृपया ऐसे नदी घाटों पर स्नान करने से बचें जो सुरक्षित नहीं हैं या
प्रवेश व स्नान पर प्रशासन द्वारा प्रतिबंध लगाया गया है।
सिर्फ एक क्षण की लापरवाही, पूरे परिवार के लिए आजन्म पीड़ा बन सकती है।
चेतावनी बोर्ड और पुलिस के निर्देशों की अनदेखी न करें।
गहरे, तेज़ धाराओं वाले या चिह्नित ‘नो-बाथिंग जोन’ में न उतरें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *