पौड़ी | आगामी चारधाम यात्रा के दृष्टिगत जनपद में किसी भी प्रकार की आपदा अथवा आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु पौड़ी पुलिस द्वारा विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए जनपद स्तर पर एक संयुक्त मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य यात्रा शुरू होने से पूर्व ही पुलिस के साथ साथ सभी संबंधित एजेंसियों की तत्परता, संसाधनों के उपयोग तथा आपसी समन्वय को परखना और सुदृढ़ करना है । इस मॉक ड्रिल के दौरान वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप विभिन्न आपदा परिदृश्यों को तैयार किया गया। इसमें विशेष रूप से चारधाम यात्रा मार्ग पर संभावित घटनाओं को शामिल किया गया, जैसे—जनपद पौड़ी एवं रुद्रप्रयाग की सीमा सिरोहबगड़ पर भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की स्थिति, टिहरी डैम से पानी छोड़े जाने पर गंगा घाटों में त्वरित निकासी, श्रीकोट क्षेत्र में वाहन दुर्घटना की सूचना एवं भूकंम्प व अग्निकाण्ड जैसी घटना की सूचना पर एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस, फायर सर्विस एवं अन्य विभागों द्वारा समन्वित रेस्क्यू ऑपरेशन ।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री सर्वेश पंवार के निर्देशन में संचालित इस मॉक ड्रिल में काल्पनिक घटनास्थलों में दुर्घटना/घटना की सूचना मिलते ही सभी टीमें अपने-अपने संसाधनों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं और निर्धारित समय में पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया। घटनास्थल पर पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र को सुरक्षित करते हुए भीड़-प्रबंधन, मार्ग साफ कराने तथा रेस्क्यू टीमों को सुचारु रूप से कार्य करने हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं । अभ्यास के दौरान पुलिस एवं रेस्क्यू टीमों द्वारा ऊंचे एवं दुर्गम स्थानों से घायलों को सुरक्षित निकालने, स्ट्रेचर के माध्यम से शिफ्ट करने, मानव-श्रृंखला बनाकर बचाव करने जैसी तकनीकों का प्रदर्शन किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा मौके पर ही घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया तथा गंभीर घायलों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। इस मॉक ड्रिल के माध्यम से यह सुनिश्चित किया गया कि आगामी चारधाम यात्रा के दौरान किसी भी आपात स्थिति में सभी विभाग त्वरित, समन्वित एवं प्रभावी ढंग से कार्य करें, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता पर बनी रहे ।
चारधाम यात्रा से पूर्व पौड़ी पुलिस ने किया अभ्यास — मॉक ड्रिल के माध्यम से आपदा प्रबंधन की परखी गईं तैयारियां आपदा की काल्पनिक स्थितियों में पुलिस, SDRF, फायर सहित अन्य विभागों ने दिखाया त्वरित रिस्पांस और रेस्क्यू क्षमता ।
















Leave a Reply