नैनीताल | डॉ0 मंजूनाथ टी०सी० वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के कुशल निर्देशन में ‘ऑपरेशन स्माइल’ और बाल सुरक्षा अभियान के तहत जनपद पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए हल्द्वानी से लापता हुए तीन नाबालिग छात्रों को मात्र 03 घंटों के भीतर रामनगर से सकुशल बरामद कर लिया।
*घटना का विवरण:*
नैनीताल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना प्राप्त हुई कि हल्द्वानी स्थित एक स्कूल में पढ़ने वाले तीन नाबालिग बालक सुबह स्कूल गए थे, लेकिन स्कूल समय समाप्त होने के बाद भी अपने घरों को वापस नहीं लौटे। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन करने के बाद जब उनका पता नहीं चला, तो तत्काल पुलिस को सूचित किया गया।
*पुलिस की त्वरित कार्रवाई:*
सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल के निर्देशों पर पुलिस कंट्रोल रूम द्वारा तत्काल जनपद के सभी थाना क्षेत्रों, चेक पोस्टों और बैरियरों को हाई अलर्ट पर रखा गया। बच्चों के हुलिए के आधार पर सोशल मीडिया और वायरलेस सेट के माध्यम से सूचना प्रसारित की गई । इसी क्रम में डॉ० जगदीश चंद्र एसपी नैनीताल एवं मनोज कुमार कत्याल एसपी हल्द्वानी के कुशल पर्यवेक्षण तथा अमित कुमार सीओ हल्द्वानी के नेतृत्व में हल्द्वानी पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाकर CCTV एवं मोबाइल सर्विलांस के माध्यम से तीनों बालकों को रामनगर पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर रामनगर क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस टीम ने बच्चों को अपने संरक्षण में लेकर सुरक्षित थाने पहुँचाया। बच्चों ने पूछताछ पर घर से नाराज होकर जाना बताया ।
*परिजनों के सुपुर्द:*
हल्द्वानी पुलिस द्वारा बच्चों की सकुशल बरामदगी की सूचना उनके परिजनों को दी गई। थाने पहुँचे परिजनों ने अपने बच्चों को सुरक्षित पाकर नैनीताल पुलिस का हृदय से आभार व्यक्त किया। पुलिस ने आवश्यक काउंसलिंग और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बच्चों को उनके अभिभावकों के सुपुर्द कर दिया गया है।
*एसएसपी नैनीताल का संदेश:*
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने इस सफल और त्वरित कार्यवाही के लिए पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और किसी भी संदिग्ध परिस्थिति में तत्काल पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना दें।














Leave a Reply