पूर्णागिरि धाम यात्रा में श्रद्धालुओं को किया गया जागरूक, “ऑपरेशन इस्माइल 2026” का किया व्यापक प्रचार-प्रसार |

चम्पावत | रेखा यादव पुलिस अधीक्षक जनपद चम्पावत के आदेशानुसार एवं वंदना वर्मा पुलिस उपाधीक्षक महोदया (नोडल अधिकारी) के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, शारदा बैराज बनबसा के निर्देशन में शक्तिपीठ मां पूर्णागिरि धाम की यात्रा पर आए श्रद्धालुओं को शारदा घाट कैनाल क्षेत्र में एकत्रित कर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया । यात्रा के दौरान दर्शन उपरांत सिद्ध बाबा के दर्शन एवं स्नान हेतु आने वाले श्रद्धालुओं को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया। इस दौरान पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित “ऑपरेशन इस्माइल 2026 (द्वितीय चरण)” के अंतर्गत गुमशुदा व्यक्तियों की बरामदगी एवं उनसे संबंधित महत्वपूर्ण सूचनाओं के आदान-प्रदान हेतु फोटो, पोस्टर एवं पंपलेट के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया । अभियान के अंतर्गत उपस्थित जनमानस को मानव तस्करी, बाल श्रम, बाल विवाह एवं बाल भिक्षावृत्ति जैसे गंभीर अपराधों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान कर जागरूक किया गया। साथ ही वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों जैसे साइबर अरेस्ट, हनी ट्रैप एवं ऑनलाइन ठगी के प्रति सचेत करते हुए सतर्क रहने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए । इसके अतिरिक्त श्रद्धालुओं को नशे के दुष्परिणामों के बारे में अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया। जहरखुरानी जैसी घटनाओं से बचाव हेतु अपरिचित व्यक्तियों से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु के दिखने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई । सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत यातायात नियमों का पालन करने हेतु प्रेरित किया गया तथा बच्चों एवं वृद्धजनों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई। साथ ही शारदा घाट में स्नान करते समय गहरे पानी में न जाने की हिदायत देकर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया । चम्पावत पुलिस द्वारा आमजन की सुरक्षा एवं जागरूकता हेतु इस प्रकार के अभियान निरंतर चलाए जा रहे हैं ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *