पंचायत चुनावों को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने हेतु एसपी चमोली ने थाना प्रभारियों के साथ की वर्चुअल समीक्षा बैठक |

चमोली | जनपद चमोली में आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों की तैयारियों को लेकर पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। चुनावों को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने आज एक वर्चुअल समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारियों ने प्रतिभाग किया । वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई इस महत्वपूर्ण बैठक में पुलिस अधीक्षक ने चुनाव संबंधी तैयारियों की गहन समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए । एसपी सर्वेश पंवार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश में आदर्श आचार संहिता लागू हो चुकी है, ऐसे में कानून व्यवस्था बनाए रखना तथा असामाजिक तत्वों पर सख्ती से अंकुश लगाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए अधिक से अधिक निरोधात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए

पुलिस अधीक्षक द्वारा दिए गए मुख्य निर्देश इस प्रकार हैं:

1- प्रत्येक थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में चुनाव से पूर्व सुरक्षा व्यवस्थाओं को पुख्ता करें एवं समस्त संभावित जोखिमों का आकलन कर रणनीतिक कार्य योजना तैयार करें व संवेदनशील व अतिसंवेदनशील बूथों का भौतिक निरीक्षण कर लें।

2- थाना क्षेत्रों में अवैध शराब, अवैध शस्त्र, मादक पदार्थों की तस्करी या उपयोग में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सघन अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई की जाए। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

3- चुनाव के मद्देनज़र सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए कि अपने क्षेत्र में निवासरत सभी शस्त्र लाइसेंस धारकों से शस्त्र शीघ्र जमा कराएं, ताकि चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बनी रहे।

4- अभिसूचना इकाई को निर्देशित किया कि चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले संवेदनशील मुद्दों, अफवाहों या विवादास्पद गतिविधियों पर कड़ी नजर रखें और समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित करें।

5- जिन व्यक्तियों का पूर्व चुनावों में विघ्न डालने, हिंसा फैलाने या कानून व्यवस्था भंग करने का इतिहास रहा है, उनकी पहचान कर उन पर निगरानी रखी जाए। आवश्यकतानुसार बॉन्ड भरवाने, नजरबंदी एवं अन्य निरोधात्मक कार्रवाई की जाए।

6- चुनाव आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं आचार संहिता का सख्ती से पालन अनिवार्य है। किसी भी प्रकार के उल्लंघन की स्थिति में तत्काल रिपोर्ट तैयार कर विधिक कार्रवाई की जाए।

7- सभी अधिकारियों से कहा कि वे अपने क्षेत्रों में जनसंपर्क को मजबूत करें, ग्रामीणों से संवाद बनाए रखें, और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी व्यक्ति या समूह चुनावी प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न न कर सके।

पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने कहा कि “जनपद चमोली में त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से सम्पन्न कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए चमोली पुलिस पूरी तरह सतर्क, सजग और कर्तव्यनिष्ठ है। आमजन को भयमुक्त वातावरण देना हमारी जिम्मेदारी है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *