अचार निर्माण से नर्सरी प्रशिक्षण तक बंदियों को स्वरोजगार की दिशा में सशक्त प्रयास |

अल्मोड़ा । सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अल्मोड़ा सुश्री शचि शर्मा के निर्देशन में जिला कारागार, अल्मोड़ा में निरुद्ध बंदियों के पुनर्वास, कौशल संवर्धन एवं आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने हेतु विविध व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम निरंतर संचालित किए जा रहे हैं । इसी क्रम में बंदियों हेतु 5 दिवसीय “अचार निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम” का सफल आयोजन किया गया जिसका संचालन श्रीमती गीतांजली भोज द्वारा किया गया। प्रशिक्षण के दौरान बंदियों को स्वच्छ एवं वैज्ञानिक पद्धति से अचार निर्माण, गुणवत्ता नियंत्रण, पैकेजिंग, भंडारण तथा विपणन संबंधी व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया जिससे वे रिहाई उपरांत स्वरोजगार के अवसर विकसित कर सकें । उक्त श्रृंखला “नर्सरी एवं सब्जी पौध उत्पादन : स्वरोजगार का सशक्त माध्यम” विषय पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है। यह प्रशिक्षण कृषि विज्ञान केंद्र, मटेला, अल्मोड़ा के कृषि विशेषज्ञ डॉ. राजेश कुमार द्वारा प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण में बंदियों को नर्सरी प्रबंधन, उन्नत पौध उत्पादन तकनीकों, गुणवत्तायुक्त बीज चयन, जैविक विधियों तथा विपणन रणनीतियों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें । इस प्रशिक्षण में अधिकार मित्र नीता नेगी कड़ाकोटी भी उपस्थित रहीं । जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अल्मोड़ा द्वारा इस प्रकार के पुनर्वासोन्मुख कार्यक्रमों के माध्यम से बंदियों के सामाजिक पुनर्स्थापन एवं मुख्यधारा से जुड़ाव हेतु सतत प्रयास किए जा रहे हैं ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *